Bihar vidhansabha session : बिहार में नई सरकार के गठन के बाद अब विधानसभा का पहला सत्र 1 दिसंबर 2025 से शुरू होने जा रहा है. विधानसभा सचिवालय ने पांच दिवसीय सत्र का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी 26 सदस्यीय मंत्रिपरिषद पहले ही पटना के गांधी मैदान में शपथ ले चुकी है. अब नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाने और नए स्पीकर के चुनाव की औपचारिकताएं पूरी होंगी.
1 दिसंबर को विधायकों का शपथ ग्रहण
नवनिर्वाचित विधायकों को 1 दिसंबर (सोमवार) को शपथ दिलाई जाएगी. जेडीयू के वरिष्ठ नेता नरेंद्र नारायण यादव को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है, और वही सभी विधायकों को शपथ दिलाएंगे. नरेंद्र नारायण यादव को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने 24 नवंबर को प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ दिलाई थी. वे मधेपुरा जिले की आलमगंज सीट से लगातार आठवीं बार विधायक चुने गए हैं.
बिहार विधानसभा के स्पीकर का चुनाव
सत्र के दूसरे दिन 2 दिसंबर (मंगलवार) को विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) का चुनाव होगा. सभी पक्ष और विपक्ष इस दिन अपने उम्मीदवारों के साथ मैदान में उतरेंगे. जिसके बाद 3 दिसंबर (बुधवार) सुबह 11:30 बजे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक होगी. इस बैठक में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान अपना अभिभाषण देंगे.साथ ही राज्यपाल द्वारा जारी विभिन्न अध्यादेशों की प्रमाणीकृत प्रतियां सभा के पटल पर रखी जाएंगी.
18वीं विधानसभा के पहले सत्र का कार्यकाल
4 दिसंबर (गुरुवार) को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव रखा जाएगा. इस दौरान सदन में वाद-विवाद होगा और सरकार की ओर से जवाब दिया जाएगा. सत्र के अंतिम दिन 5 दिसंबर (शुक्रवार) को द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी पर चर्चा और मतदान होगा. इसके बाद संबंधित विनियोग विधेयक पास किया जाएगा, जिसके साथ 18वीं विधानसभा का पहला सत्र समाप्त होगा.