Rule Change From 1st December: नवंबर महीना अब अपने अंतिम दौर में है और 1 दिसंबर से देशभर में कई अहम आर्थिक और प्रशासनिक बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब, पेंशन और लोन की EMI पर पड़ सकता है। गैस सिलेंडर की कीमतों से लेकर पेंशन, टैक्स और ब्याज दरों तक कई नियम बदलने की संभावना है।
LPG, PNG और CNG की कीमतों में बदलाव
हर महीने की तरह 1 दिसंबर 2025 को भी सरकारी तेल कंपनियां घरेलू LPG गैस सिलेंडर, CNG और PNG की कीमतों की समीक्षा करेंगी। हालांकि अभी कीमतों में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन आम उपभोक्ताओं की नजरें इस पर टिकी हुई हैं। फिलहाल राजधानी दिल्ली में 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 853 रुपये बनी हुई है, जबकि मुंबई में यही सिलेंडर 852.50 रुपये में मिल रहा है। वहीं 19 किलो वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर 1 नवंबर को 5 रुपये सस्ता हुआ था और दिल्ली में इसकी मौजूदा कीमत 1590.50 रुपये है। अगर 1 दिसंबर से कीमतें बढ़ती हैं तो रसोई का बजट और महंगा हो सकता है, वहीं कटौती होने की स्थिति में आम लोगों को राहत मिल सकती है।
UPS चुनने का आखिरी मौका, 30 नवंबर तक करना होगा आवेदन
केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के लिए यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) में स्विच करने की आखिरी तारीख 30 नवंबर 2025 तय की गई है। वित्त मंत्रालय ने सभी पात्र कर्मचारियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है। UPS को जनवरी 2025 में अधिसूचित किया गया था और यह योजना 1 अप्रैल 2025 से लागू है। इसके अंतर्गत कर्मचारी नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) से बाहर आकर नई पेंशन योजना का विकल्प चुन सकते हैं। सरकार पहले एक बार आवेदन की तारीख बढ़ा चुकी है, लेकिन अब इसके आगे बढ़ने की संभावना कम बताई जा रही है।
होम लोन, कार और पर्सनल लोन की EMI हो सकती है सस्ती
दिसंबर की शुरुआत में लोन लेने वालों को राहत मिल सकती है। भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 3 से 5 दिसंबर 2025 के बीच प्रस्तावित है। रिपोर्ट के अनुसार, 5 दिसंबर को RBI रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती कर सकता है। यदि ऐसा होता है, तो होम लोन, कार लोन और पर्सनल लोन की EMI कम हो सकती है। फिलहाल देश में रेपो रेट 5.5% है और इस साल अब तक RBI इसमें कुल 1% की कटौती कर चुका है।
30 नवंबर तक Life Certificate जमा नहीं किया तो रुक सकती है पेंशन
पेंशनधारकों के लिए 30 नवंबर की तारीख बेहद अहम है। सभी केंद्रीय और राज्य सरकार के पेंशनभोगियों को अपनी पेंशन जारी रखने के लिए हर साल इस तारीख से पहले जीवन प्रमाण पत्र (Life Certificate) जमा करना अनिवार्य होता है। पेंशनर्स इसे संबंधित विभाग में जाकर जमा कर सकते हैं या फिर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के जरिए ऑनलाइन भी सबमिट कर सकते हैं। यदि तय तारीख तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं होती है, तो पेंशन अस्थायी रूप से रोकी जा सकती है।
टैक्स से जुड़े फॉर्म भरने की भी आखिरी तारीख
टैक्सपेयर्स के लिए भी 30 नवंबर अंतिम मौका है। अक्टूबर 2025 में कटे हुए TDS के लिए Sections 194-IA, 194-IB, 194M और 194S के तहत आने वाली चालान-कम-स्टेटमेंट इसी दिन तक जमा करनी होगी। यदि तय समय पर यह फॉर्म जमा नहीं किए गए, तो लेट फीस, पेनल्टी और नोटिस जैसी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। 1 दिसंबर 2025 से पहले आम जनता, सरकारी कर्मचारी, पेंशनर्स और टैक्सपेयर्स को कई अहम फैसले लेने और जरूरी काम पूरे करने होंगे। गैस की कीमतों से लेकर EMI, पेंशन और टैक्स तक, सभी पर इन नियमों का सीधा प्रभाव पड़ेगा। ऐसे में विशेषज्ञों की सलाह है कि अंतिम तिथियों का इंतजार किए बिना समय रहते सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं।