December Theater Release : साल 2025 का आखिरी महीना यानी दिसंबर सिनेमा प्रेमियों के लिए किसी जश्न से कम नहीं होने वाला है. इस महीने बॉलीवुड की कई बहुप्रतीक्षित और बिग स्टारर फिल्में थिएटर्स में रिलीज होने जा रही हैं. एक्शन, रोमांस और कॉमेडी हर जॉनर में दर्शकों को भरपूर मनोरंजन मिलने वाला है. मेकर्स ने भी क्रिसमस और न्यू ईयर के मौके को ध्यान में रखते हुए अपनी बड़ी फिल्मों की रिलीज डेट तय की है. आइए जानते हैं दिसंबर 2025 में रिलीज होने वाली प्रमुख फिल्मों के बारे में विस्तार से
- धुरंधर (Dhurandar) – 5 दिसंबर 2025
स्पाई-एक्शन थ्रिलर जॉनर की यह फिल्म दिसंबर की पहली बड़ी रिलीज मानी जा रही है. रणवीर सिंह इस फिल्म में अब तक के सबसे अलग और दमदार एक्शन अवतार में नजर आने वाले हैं. फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है, जो इससे पहले ‘उरी’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म दे चुके हैं.फिल्म में रणवीर के साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दमदार कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म का ट्रेलर पहले ही जबरदस्त रिस्पॉन्स बटोर चुका है और 5 दिसंबर को रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका होने की उम्मीद है.
- इक्कीस (Ikkis) – 25 दिसंबर 2025
यह एक वॉर ड्रामा फिल्म है, जिसमें अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे. अगस्त्य, अमिताभ बच्चन के नाती हैं और लगातार अपनी फिल्मों से इंडस्ट्री में पहचान बना रहे हैं. यह फिल्म 25 दिसंबर यानी क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी. देशभक्ति और जवानों के बलिदान की कहानी पर बनी इस फिल्म से दर्शकों को काफी भावनात्मक जुड़ाव की उम्मीद है. मेकर्स को भरोसा है कि यह फिल्म फेस्टिव सीजन में अच्छा बिजनेस कर सकती है.
- किस किसको प्यार करूं 2 – 12 दिसंबर 2025
कॉमेडी किंग कपिल शर्मा की सुपरहिट फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं’ का यह सीक्वल 12 दिसंबर को रिलीज होने जा रहा है. फिल्म में कपिल के साथ आयशा खान, हीरा वरीना और त्रिधा चौधरी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी.पहले पार्ट की सफलता के बाद इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है. माना जा रहा है कि यह फिल्म दिसंबर में फैमिली ऑडियंस को थिएटर तक खींचने में बड़ी भूमिका निभा सकती है. अब देखना दिलचस्प होगा कि यह सीक्वल बॉक्स ऑफिस पर कितना कमाल दिखा पाता है.
- तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी – 25 दिसंबर 2025
रोमांटिक कॉमेडी जॉनर की यह फिल्म कार्तिक आर्यन के फैंस के लिए खास तोहफा साबित हो सकती है. यह फिल्म धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी है और 25 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. कार्तिक की हालिया फिल्मों को मिल रही सफलता के चलते इंडस्ट्री में यह माना जा रहा है कि यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर सकती है, खासकर युवा दर्शकों के बीच.
फिल्मों का महा-मुकाबला
कुल मिलाकर दिसंबर 2025 दर्शकों के लिए एक से बढ़कर एक फिल्मों से भरा हुआ रहने वाला है. जहां ‘धुरंधर’ एक्शन प्रेमियों को रोमांचित करेगी, वहीं ‘किस किसको प्यार करूं 2’ कॉमेडी का डोज देगी. ‘इक्कीस’ देशभक्ति की भावना जगाएगी और ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ रोमांस का तड़का लगाएगी. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इनमें से कौन-सी फिल्म बॉक्स ऑफिस की रेस में सबसे आगे निकलती है और किसे दर्शकों का सबसे ज्यादा प्यार मिलता है.