Bihar Politics : 18वीं बिहार विधानसभा के गठन के साथ ही राज्य की राजनीति ने एक नया अध्याय शुरू किया है। इस नए अध्याय का सबसे महत्वपूर्ण और चौंकाने वाला पहलू रहा तेजस्वी प्रसाद यादव का बदला हुआ राजनीतिक अंदाज। तेजस्वी, जो चुनावी दौर में आक्रामक तेवरों और तीखे हमले कर रहे थे सदन में संयम, शालीनता और राजनीतिक परिपक्वता दिखा रहे हैं । 14 नवंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद 17 दिनों का मौन साधे रखने वाले तेजस्वी का विधानसभा में पहला संबोधन केवल औपचारिक बधाई नहीं था, बल्कि तेजस्वी स्पष्ट राजनीतिक संदेश दे रहे थे कि वे अब एक जिम्मेदार विपक्ष के नेता की भूमिका निभाने को तैयार हैं। हालांकि राजनीति में होने और दिखाने का मतलब अलग होता है.
नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रेम कुमार का स्वागत करते हुए उन्होंने जिस तरह जानबूझकर वोट चोरी जैसे पुराने आरोपों से दूरी बनाए रखी, वह उनके बदले हुए रणनीतिक रवैये का संकेत था। सभा के अध्यक्ष से निष्पक्षता की अपेक्षा रखना केवल शिष्टाचार नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं की याद दिलाने का सधा हुआ तरीका था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को स्वास्थ्य और सफल नेतृत्व की शुभकामनाएँ देना भी इसी बदली हुई राजनीतिक भाषा का हिस्सा था। तेजस्वी का यह रुख साफ बताता है कि वे अब टकराव की राजनीति से आगे बढ़कर लोकतांत्रिक संतुलन की राजनीति को प्राथमिकता देना चाहते हैं।
विपक्ष गढ़ रहा नई परिभाषा
तेजस्वी के वे शब्द जब जरूरत पड़ेगी हम आपके साथ खड़े रहेंगे, और जब जरूरत पड़ेगी सरकार को आईना भी दिखाएँगे.सिर्फ एक बयान नहीं, बल्कि विपक्ष की नई परिभाषा गढ़ने की कोशिश हैं। जिसमें ना तो सहयोग की अंधी हामी है, न ही विरोध की अंधी जिद। इसमें समर्थन भी है, और सशक्त प्रतिपक्ष की चेतावनी भी।
सदन में बदले रिश्तों के भी है संकेत
सदन के पहले ही दिन जो दृश्य देखने को मिले, वे बिहार की राजनीति में एक नए सामाजिक-राजनीतिक समीकरण की ओर इशारा करते हैं। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का विपक्ष की ओर मुड़ना और तेजस्वी का उन्हें गले लगाना,यह केवल व्यक्तिगत शिष्टाचार नहीं, बल्कि राजनीतिक तल्खी के अस्थायी विराम का संकेत था। गृह मंत्री सम्राट चौधरी का संक्षिप्त लेकिन सौहार्दपूर्ण हाथ मिलाना भी इसी बदले माहौल की पुष्टि करता है। इससे भी ज्यादा भावनात्मक क्षण तब आया, जब कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने यह कहकर तेजस्वी को गले लगाया कि वे उन्हें पहले परिवार और फिर पार्टी के नेता के रूप में देखते हैं। और राजनीति की पुरानी कड़वाहट पर सबसे गहरा विराम तब लगा, जब जदयू विधायक चेतन आनंद ने शपथ लेने के बाद तेजस्वी के पैर छुए। यह दृश्य केवल व्यक्तिगत कृतज्ञता का नहीं, बल्कि उस राजनीतिक परंपरा के लौटने का संकेत था, जिसमें विरोध के बावजूद सम्मान बना रहता है।
सत्ता संघर्ष से आगे की राजनीति का संकेत
यह पूरा घटनाक्रम बताता है कि तेजस्वी यादव अब केवल आक्रामक विपक्षी नेता नहीं रहना चाहते, बल्कि वे खुद को एक परिपक्व, संतुलित और दीर्घकालिक राजनीति करने वाले नेता के रूप में स्थापित करने की कोशिश में हैं। यह बदलाव न केवल उनकी व्यक्तिगत छवि के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि बिहार की राजनीति के लिए भी एक सकारात्मक संकेत है। अब सवाल यह नहीं कि तेजस्वी कितने उग्र हैं, बल्कि यह है कि वे संयम के साथ सत्ता को कितना प्रभावी ढंग से चुनौती दे पाते हैं। अगर यह संतुलन बना रहता है, तो आने वाले समय में बिहार की राजनीति टकराव से ज्यादा विचार और विकल्पों की राजनीति की ओर बढ़ सकती है, और यही किसी भी स्वस्थ लोकतंत्र की असली पहचान होती है।