शुगर-फ्री प्रोडक्ट भी बन रहे फैटी लिवर का कारण! नई स्टडी ने बढ़ाई चिंता

fatty liver disease : आज के समय में लोग सेहतमंद रहने के लिए शुगर-फ्री आइसक्रीम, डाइट सोडा, च्युइंग गम और अन्य कम कैलोरी वाले प्रोडक्ट्स का तेजी से सेवन कर रहे हैं. मॉल से लेकर लोकल मार्केट तक ये उत्पाद आसानी से उपलब्ध हैं. लेकिन अब एक नई मेडिकल स्टडी ने इन शुगर-फ्री चीजों को लेकर गंभीर चेतावनी दी है. European Medical Journal में प्रकाशित इस स्टडी के अनुसार, इन शुगर-फ्री प्रोडक्ट्स में इस्तेमाल होने वाला कृत्रिम स्वीटनर सोर्बिटोल लिवर के लिए खतरनाक साबित हो सकता है और इससे फैटी लिवर डिजीज का खतरा बढ़ सकता है.

क्या कहती है रिसर्च?

स्टडी के मुताबिक, सोर्बिटोल को छोटी आंत पूरी तरह पचा नहीं पाती, जिसके कारण यह सीधे लिवर तक पहुंच जाता है. वहां जाकर यह लिवर में फैट जमा होने की प्रक्रिया को तेज करता है,लिवर की कार्यक्षमता को प्रभावित करता है और लंबे समय तक सेवन से नॉन-अल्कोहॉलिक फैटी लिवर डिजीज (NAFLD) का खतरा बढ़ाता है. Non-Alcoholic Fatty Liver Disease पहले मुख्य रूप से शराब से जुड़ी बीमारी मानी जाती थी, लेकिन अब यह बिना शराब पीने वालों में भी तेजी से बढ़ रही है.

डाइट सोडा पीना कितना खतरनाक?

रिसर्च में यह भी सामने आया है कि रोज 1 कैन डाइट सोडा पीने से फैटी लिवर डिजीज का खतरा लगभग 60% तक बढ़ जाता है वहीं, शुगर-स्वीटेड ड्रिंक्स पीने से यह खतरा करीब 50% तक बढ़ता है.यानी शुगर-फ्री label पूरी तरह सुरक्षित होने की गारंटी नहीं देता. रिसर्च में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सामान्य रूप से हेल्दी आंतों के बैक्टीरिया सोर्बिटोल को तोड़ने में मदद करते हैं लेकिन जब आंतों के बैक्टीरिया असंतुलित या कमजोर हो जाते हैं, तो सोर्बिटोल शरीर में जमने लगता है. यह सीधे लिवर पहुंचकर फैट जमा करता है.इससे फैटी लिवर डिजीज का खतरा कई गुना बढ़ जाता है.सिर्फ लिवर ही नहीं, ये बीमारियां भी बढ़ सकती हैं.एक्सपर्ट्स के मुताबिक, शुगर-फ्री ड्रिंक्स और डाइट प्रोडक्ट्स का अधिक सेवन सिर्फ लिवर तक ही सीमित खतरा नहीं है, बल्कि इससे मेटाबोलिक सिंड्रोम,टाइप-2 डायबिटीज और दिल की बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है.

डॉक्टर्स की क्या है सलाह?

विशेषज्ञों का कहना है कि शुगर-फ्री ऑप्शन हमेशा हेल्दी नहीं होते,बल्कि लंबे समय तक इनका सेवन लिवर के लिए नुकसानदेह हो सकता है. बेहतर है कि लोग सादा पानी,नारियल पानी,बिना स्वीटनर वाले नेचुरल ड्रिंक्स का अधिक सेवन करें . डाइट सोडा, शुगर-फ्री आइसक्रीम और च्युइंग गम में मौजूद सोर्बिटोल और अन्य कृत्रिम स्वीटनर्स धीरे-धीरे लिवर को नुकसान पहुंचा सकते हैं. इसलिए इन्हें पूरी तरह हेल्दी समझकर नियमित सेवन करना खतरनाक साबित हो सकता है. सेहत का सही तरीका यही है कि प्राकृतिक चीजों को प्राथमिकता दी जाए और आर्टिफिशियल प्रोडक्ट्स का सेवन सीमित किया जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *