Cracked Heels home Remedies : सर्दियों के दौरान ठंडी और सूखी हवा के कारण त्वचा की नमी तेजी से घटने लगती है. चेहरे और हाथों की देखभाल तो लोग कर लेते हैं, लेकिन पैरों खासतौर पर एड़ियों की उपेक्षा कई बार परेशानी बन जाती है. त्वचा विशेषज्ञों के अनुसार, इस मौसम में एड़ियों का फटना आम समस्या है, जो न केवल देखने में खराब लगता है, बल्कि कई बार इसमें दर्द और खून निकलने जैसी स्थिति भी हो जाती है. इसी बीच, ब्यूटी और हेल्थ एक्सपर्ट्स ने कुछ ऐसे घरेलू उपाय बताए हैं, जिन्हें अपनाकर सर्दी के मौसम में फटी एड़ियों से काफी हद तक राहत पाई जा सकती है.
गुनगुने पानी और नमक से मिलेगा आराम
विशेषज्ञों का मानना है कि फटी एड़ियों की देखभाल की शुरुआत पैरों को गुनगुने पानी में भिगोने से करनी चाहिए. एक टब में गुनगुने पानी में नमक डालकर पैरों को 15 मिनट तक भिगोकर रखने से मृत त्वचा नरम हो जाती है. इसके बाद प्यूमिक स्टोन से हल्के हाथों से रगड़ने पर जमी हुई डेड स्किन आसानी से निकल जाती है.
नारियल तेल बनेगा प्राकृतिक मॉइश्चराइजर
स्किन केयर एक्सपर्ट बताते हैं कि नारियल तेल फटी एड़ियों के लिए सबसे प्रभावी प्राकृतिक उपायों में से एक है. यह त्वचा को गहराई तक पोषण देता है और इसमें मौजूद एंटीबैक्टीरियल गुण पैरों को संक्रमण से बचाते हैं. सोने से पहले एड़ियों पर नारियल तेल लगाने से बेहतर परिणाम मिलते हैं.
घी और हल्दी का मिश्रण देगा हीलिंग इफेक्ट
आयुर्वेद में एड़ियों की देखभाल के लिए देसी घी और हल्दी के मिश्रण का विशेष उल्लेख मिलता है. एक चम्मच घी में चुटकीभर हल्दी मिलाकर एड़ियों पर लगाने से त्वचा तेजी से हील होती है. हल्दी के एंटीसेप्टिक गुण कटे-फटे हिस्सों को संक्रमण से बचाने में प्रभावी माने जाते हैं.
विशेषज्ञों की क्या है सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड में नियमित मॉइश्चराइज़िंग, उचित फुटवियर का इस्तेमाल और पैरों की सफाई रखने से एड़ियों के फटने की समस्या काफी हद तक रोकी जा सकती है. सर्दियों में यदि एड़ियों की देखभाल शुरू से ही सही तरीके से की जाए तो यह समस्या गंभीर रूप लेने से पहले ही नियंत्रित हो सकती है.