Popcorn Brain Syndrome : तेज रफ्तार डिजिटल दुनिया में सोशल मीडिया की लगातार स्क्रोलिंग और छोटे-छोटे वीडियो कंटेंट की बढ़ती आदत अब मानसिक स्वास्थ्य पर असर डालने लगी है. विशेषज्ञों ने इस स्थिति को पॉपकॉर्न ब्रेन सिंड्रोम नाम दिया है. यह एक ऐसा व्यवहारिक पैटर्न है, जिसमें दिमाग तेज़ और उत्तेजक डिजिटल कंटेंट का इतना आदी हो जाता है कि सामान्य या धीमी गतिविधियों में ध्यान लगाना मुश्किल हो जाता है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, जिन लोगों का दिमाग लगातार रील्स, शॉर्ट वीडियो, नोटिफिकेशन और त्वरित डिजिटल कंटेंट की बौछार में घिरा रहता है, उनमें यह समस्या अधिक देखी जा रही है. विशेषज्ञ बताते हैं दिमाग को हर मिनट नयापन और उत्तेजना चाहिए होता है, जबकि सामान्य जीवन की गतिविधियाँ उसे उबाऊ लगने लगती हैं .
लक्षणों में बढ़ती बेचैनी और एकाग्रता की कमी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पॉपकॉर्न ब्रेन सिंड्रोम के शिकार लोग लंबे समय तक किसी काम पर फोकस नहीं कर पाते. किताब पढ़ना, पढ़ाई करना, मीटिंग में बैठना या शांत माहौल में समय बिताना उनके लिए चुनौती बन जाता है. बार-बार मोबाइल चेक करना,किसी एक काम पर ध्यान न टिकना,लगातार दिमाग में कई विचारों का उछलना और सामान्य गतिविधियों में भी जल्दी बोर होना इसके प्रमुख लक्षण माने जा रहे हैं.
डोपामाइन की लत बना रहा है दिमाग को अधीर
मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि तेज़ डिजिटल कंटेंट दिमाग को त्वरित डोपामाइन देता है. समय के साथ दिमाग इसी तेज़ उत्तेजना का आदी हो जाता है और उसे धीमी व नियमित गतिविधियाँ संतुष्टि नहीं देतीं. इसका सीधा प्रभाव प्रोडक्टिविटी, नींद और रिश्तों पर पड़ रहा है. सोशल मीडिया पर अत्यधिक समय बिताने वाले युवाओं में यह समस्या तेजी से बढ़ रही है. विशेषज्ञ चेतावनी देते हैं कि समय रहते डिजिटल आदतें नहीं बदली गईं तो आने वाले समय में यह मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है.
पॉपकॉर्न ब्रेन सिंड्रोम से कैसे बचें?
मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इसके लिए जो उपाय समझाए है उसमें रोज कम से कम एक–दो घंटे नो स्क्रीन टाइम, सोशल मीडिया और ऐप्स पर समय सीमा निर्धारित करना, ध्यान और माइंडफुलनेस की प्रैक्टिस. किताबें पढ़ने या ऑफ़लाइन गतिविधियों की आदत और समय-समय पर डिजिटल डिटॉक्स शामिल है. विशेषज्ञों का मानना है कि पॉपकॉर्न ब्रेन सिंड्रोम डिजिटल युग की एक नई चुनौती है और इससे निपटने के लिए जागरूकता सबसे ज़रूरी कदम है.