बिहार पुलिस ने लॉन्च किया सिटीजन सर्विस पोर्टल ऐप..अब घर बैठे होगी शिकायत दर्ज

Bihar Police News : बिहार पुलिस ने डिजिटल पुलिसिंग की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाते हुए सिटीजन सर्विस पोर्टल ऐप लॉन्च कर दिया है. इस ऐप के माध्यम से अब राज्य के लोग घर बैठे अपनी शिकायतें पुलिस तक आसानी से पहुंचा सकेंगे. साथ ही कई तरह की सेवाओं का लाभ बिना थाने गए ही ले पाएंगे.

मोबाइल से दर्ज करा सकेंगे शिकायत

लॉन्चिंग के मौके पर बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह ऐप जनता और पुलिस के बीच की दूरी कम करेगा और कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाएगा. उनके मुताबिक, नागरिक अब अपने मोबाइल से ही शिकायत दर्ज करा सकेंगे, जिसके बाद पुलिस समयबद्ध रूप से उसकी जांच करेगी. ऐप पर खोया-पाया से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध रहेगी, जिससे खोई वस्तुओं को तलाशने में लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.

गृह मंत्री ने की अधिकारियों के साथ बैठक

ऐप लॉन्च करने के बाद गृह मंत्री सम्राट चौधरी पुलिस मुख्यालय पहुंचे. वहां उन्होंने DGP और वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें राज्य की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और डिजिटल सिस्टम को प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई. बिहार पुलिस का यह डिजिटल कदम राज्य में स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देने वाली एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि नई व्यवस्था के लागू होने से शिकायतों के निपटारे में तेजी आएगी और जनता का पुलिस पर भरोसा मजबूत होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *