CDF बनते ही आसिम मुनीर ने दी भारत को गीदड़ भभकी, कहा-पाकिस्तान शांति चाहता है, लेकिन

India Pakistan : पाकिस्तान के पहले चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज (CDF) नियुक्त होने के तुरंत बाद फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने भारत को लेकर कड़ा बयान दिया है। जीएचक्यू (मुख्यालय) में गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त करने के बाद अपने पहले संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत को किसी भी गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए, क्योंकि पाकिस्तान का अगला जवाब पहले से कहीं अधिक तेज और सख्त होगा।

ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र

मुनीर के इस बयान की पृष्ठभूमि मई में हुए ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी है। इस दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान अधिकृत क्षेत्र में प्रवेश कर आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में अप्रैल में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई थी। चार दिनों तक चले इस संघर्ष में पाकिस्तान को भारी सैन्य नुकसान उठाना पड़ा था। बाद में पाकिस्तान की ओर से अनुरोध किए जाने पर दोनों देशों ने सीजफायर पर सहमति जताई थी।

पाकिस्तान शांति चाहता है, लेकिन…

सशस्त्र बलों के अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुनीर ने कहा कि पाकिस्तान एक शांतिपूर्ण राष्ट्र है, लेकिन किसी को भी उसकी क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता को चुनौती नहीं देने दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार के आक्रमण की स्थिति में पाकिस्तान की प्रतिक्रिया बहुत अधिक तीव्र और गंभीर होगी।

2025 में आम आदमी पर मेहरबान रही केंद्र सरकार..! इन बड़े फैसलों में बड़ी छूट

अफगानिस्तान को भी स्पष्ट संदेश

भारत पर चेतावनी देने के साथ ही मुनीर ने पाकिस्तान-अफगानिस्तान तनाव पर भी कड़ा रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि काबुल स्थित तालिबान शासन को स्पष्ट संदेश दे दिया गया है कि उन्हें या तो फितना अल-खवारिज (TTP) का साथ छोड़ना होगा या फिर पाकिस्तान का समर्थन चुनना होगा। पाकिस्तान सरकार ने पिछले वर्ष प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को फितना अल-खवारिज के रूप में अधिसूचित किया था, जो इस्लामी इतिहास में हिंसा से जुड़े एक उग्र समूह का संदर्भ है।

पहले CDF के रूप में पांच साल का कार्यकाल

आसिम मुनीर ने हाल ही में बनाए गए पद CDF का कार्यभार संभाला है। सरकार ने पिछले सप्ताह उनकी नियुक्ति और पांच साल के कार्यकाल की अधिसूचना जारी की थी। CDF का गठन 27वें संविधान संशोधन और सेना, वायुसेना तथा नौसेना संशोधन विधेयक 2025 में हुए बदलावों के बाद किया गया है। मुनीर इस नई भूमिका के साथ-साथ सेना प्रमुख का पद भी संभालते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *