IPL 2026 Mini Auction : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन की तैयारियां तेज हो गई हैं. इस बार का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को अबू धाबी में होने जा रहा है. नीलामी के लिए दुनिया भर के 1390 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 350 खिलाड़ियों को अंतिम सूची में शामिल किया गया है. इसमें 240 भारतीय और 110 विदेशी खिलाड़ी हैं.
स्टीव स्मिथ और डिकॉक समेत कई बड़े नाम शामिल
पिछली मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे ऑस्ट्रेलियाई स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ इस बार फिर ऑक्शन में लौट रहे हैं. उनका बेस प्राइज दो करोड़ रुपये रखा गया है. दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक, जिन्होंने सीमित ओवर क्रिकेट में हाल ही में वापसी की है, उनका बेस प्राइज एक करोड़ रुपये है. आईपीएल की प्रेस रिलीज के अनुसार रजिस्ट्रेशन किए गए 1390 खिलाड़ियों में से चयन प्रक्रिया के बाद 350 खिलाड़ियों की अंतिम सूची तैयार की गई है. 10 फ्रेंचाइजी टीमों को अधिकतम 77 खिलाड़ियों को खरीदने की अनुमति है.
पहले सेट में पृथ्वी शॉ और सरफराज खान
नीलामी के पहले सेट में भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ और सरफराज खान शामिल हैं. दोनों ने अपना बेस प्राइज 75 लाख रुपये रखा है. पिछले सीजन में शॉ अनसोल्ड रहे थे, जबकि सरफराज 2021 के बाद आईपीएल में नहीं खेले हैं. ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन और जेक फ्रेजर मैकगर्क, न्यूजीलैंड के पूर्व सीएसके ओपनर डेवॉन कॉनवे और दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर भी दो करोड़ रुपये के बेस प्राइज वाले खिलाड़ियों की सूची में हैं.
कैमरन ग्रीन पर सबसे बड़ी बोली की संभावना
कोलकाता नाइट राइडर्स से रिलीज हुए ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर ने भी अपना बेस प्राइज दो करोड़ रुपये रखा है. वहीं घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली में शानदार प्रदर्शन करने वाले कुणाल चंदेला और अशोक कुमार भी नीलामी सूची में शामिल किए गए हैं. सबसे ज्यादा पर्स बैलेंस के साथ केकेआर नीलामी में उतरेगी.
- केकेआर – 64.3 करोड़ रुपये
- चेन्नई सुपर किंग्स – 43.4 करोड़ रुपये
- सनराइजर्स हैदराबाद – 25.5 करोड़ रुपये
किस देश के कितने खिलाड़ी
अंतिम सूची में इंग्लैंड के 21 खिलाड़ी मौजूद हैं, जिनमें जेमी स्मिथ, गस एटकिंसन, लियाम लिविंगस्टोन और बेन डकेट जैसे नाम शामिल हैं. ऑस्ट्रेलिया के 19 खिलाड़ी सूची में हैं. इनमें कैमरन ग्रीन के अलावा जोश इंगलिस, मैथ्यू शॉर्ट, कूपर कोनोली और ब्यू वेबस्टर भी शामिल हैं.
- दक्षिण अफ्रीका – 15 खिलाड़ी
- वेस्टइंडीज – 9 खिलाड़ी
- श्रीलंका – 12 खिलाड़ी
- न्यूजीलैंड – 16 खिलाड़ी
- अफगानिस्तान – 10 खिलाड़ी
16 दिसंबर को होने वाली नीलामी में कई दिग्गज खिलाड़ियों पर जमकर बोली लगने की उम्मीद है, खासकर ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन पर फ्रेंचाइजी बड़ी रकम खर्च कर सकती हैं.