ट्रेड डील पर भारत ने दिया अमेरिका को दिया बेस्ट ऑफर…! ट्रंप के अधिकारी का दावा जल्द पूरी होगी बातचीत

India-US Trade Talks : अमेरिका और भारत के बीच चल रही व्यापार वार्ताओं में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की जा रही है। बुधवार को अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने बताया कि भारत ने वाशिंगटन को अब तक का बेस्ट ऑफर दिया है। उनके अनुसार, कृषि और कुछ अन्य संवेदनशील उत्पादों पर भारत का रुख अब भी कठोर है, लेकिन इसके बावजूद हालिया बातचीत को उन्होंने काफी प्रगतिशील बताया।

दिल्ली में निर्णायक दौर की बातचीत जारी

ग्रीर ने खुलासा किया कि इस समय उप अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि रिक स्विट्जर के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली में मौजूद है। यह दल भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के पहले चरण पर निर्णायक चर्चा कर रहा है।ग्रीर ने कहा कि जब हम यहां बात कर रहे होते हैं, मेरी टीम भारत में महत्वपूर्ण व्यापारिक मुद्दों पर काम कर रही होती है। विशेष फसलों और अन्य वस्तुओं पर भारत की ओर से प्रतिरोध है, लेकिन इसके बावजूद भारत ने बेहद सकारात्मक रुख दिखाया है। उन्होंने आगे कहा कि भारत से मिले प्रस्ताव उन सबसे बेहतर प्रस्तावों में हैं, जो किसी भी देश ने अब तक अमेरिका को दिए हैं। उन्होंने भारत को अमेरिकी निर्यात के लिए एक आशाजनक वैकल्पिक बाजार बताया।

एलिसन हूकर ने की विदेश सचिव से मुलाकात

व्यापार वार्ता के समानांतर रणनीतिक मोर्चे पर भी बातचीत तेज है। अमेरिकी विदेश उप-सचिव (राजनीतिक मामले) एलिसन हूकर ने दिल्ली में विदेश सचिव विक्रम मिसरी से मुलाकात की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पांच दिनों की भारत यात्रा पर आई हूकर ने कहा कि यह बैठक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फरवरी में व्यक्त किए गए साझा विजन को ठोस परिणामों में बदलने का अवसर है। हूकर ने बताया कि इस वार्ता से अमेरिका में सुरक्षा, रोजगार और प्रतिस्पर्धा में वृद्धि होगी, वहीं भारत के दीर्घकालिक विकास लक्ष्यों को भी मजबूती मिलेगी।

वार्ता दल आमने-सामने चर्चा में व्यस्त

USTR के वरिष्ठ अधिकारी और उप अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि राजदूत रिक स्विट्जर के नेतृत्व में अमेरिकी वार्ता दल भारत में मौजूद है। यह दल प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण पर आमने-सामने विचार-विमर्श कर रहा है। कुल मिलाकर, अमेरिका और भारत के बीच यह वार्ता न केवल व्यापारिक क्षेत्र में नई संभावनाओं को जन्म दे रही है बल्कि रणनीतिक संबंधों को भी और मजबूत कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *