ऑस्ट्रेलिया में सोशल मीडिया बैन का असर…. घट गई क्रिएटर्स की कमाई और एंगेजमेंट में भारी गिरावट

Social media ban : ऑस्ट्रेलिया में किशोरों के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध लगने के बाद कंटेंट क्रिएटर्स के फॉलोअर्स और व्यूज़ में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। इस अप्रत्याशित बदलाव का असर न सिर्फ उनकी ऑनलाइन मौजूदगी पर पड़ा है, बल्कि उनकी आय पर भी संकट मंडराने लगा है। कई क्रिएटर्स अब अपनी कंटेंट रणनीति को नए सिरे से बदलने को मजबूर हो गए हैं।

व्यूअरशिप में भारी गिरावट

मीडिया रिपोर्ट में 29 वर्षीय कंटेंट क्रिएटर जॉश पार्टिंगटन के हवाले से बताया गया कि, जॉश पार्टिंगटन के वीडियो टिकटॉक पर रोज़ाना एक लाख से अधिक व्यूज़ हासिल करते थे, लेकिन अब अचानक व्यूअरशिप में भारी गिरावट देख रहे हैं। बैन के बाद उन्होंने जो वीडियो अपलोड किया, उसे मुश्किल से 10 हजार व्यूज़ मिले। जॉश पार्टिंगटन ने बताया कि कल मेरे टिकटॉक और इंस्टाग्राम वीडियो के व्यूज़ बेहद कम थे। दोनों प्लेटफॉर्म पर 10 हजार से भी कम व्यू आए, जो मेरे लिए बहुत असामान्य है।

क्रिएटर कर रहे शिकायत

इसी तरह कई अन्य क्रिएटर्स ने भी शिकायत की है कि इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स तेजी से कम हो रहे हैं। लाइक, कमेंट और व्यूज़ का पैटर्न भी पूरी तरह बदल चुका है।सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, बैन लागू होने के बाद से टिकटॉक पर लगभग 2 लाख अकाउंट बंद किए जा चुके हैं। संचार मंत्री एना वेल्स ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रभावित प्लेटफॉर्म्स से पूरी जांच की जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि 16 वर्ष से कम उम्र के कितने अकाउंट अभी भी एक्टिव हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस बैन से न सिर्फ किशोरों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर बड़ा संदेश गया है, बल्कि डिजिटल इकोनॉमी और क्रिएटर इंडस्ट्री पर भी इसका गहरा प्रभाव देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *