रिकॉर्डों की विरासत के बीच नई बोली का इंतजार….जानें आईपीएल ऑक्शन में अब तक कौन रहा सबसे महंगा खिलाड़ी

IPL auction 2026 : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की तैयारियां जोरों पर हैं. दुनिया की सबसे बड़ी और चर्चित टी-20 लीग के अगले संस्करण के लिए खिलाड़ी नीलामी का आयोजन 16 दिसंबर को अबू धाबी (UAE) में होगा. दोपहर 2:30 बजे शुरू होने वाली इस मिनी ऑक्शन में कुल 350 खिलाड़ी उतरने वाले हैं. मंगलवार (9 दिसंबर) को बीसीसीआई ने इस ऑक्शन लिस्ट को अंतिम रूप दिया. इस बार नीलामी के लिए 1390 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से केवल 350 क्रिकेटर्स को शॉर्टलिस्ट किया गया है. अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कौन-सा खिलाड़ी सबसे बड़ी बोली पाता है और किस फ्रेंचाइज़ी का दांव सही साबित होता है.

हर साल बनते गए नए रिकॉर्ड

दुनिया भर में आईपीएल केवल क्रिकेट नहीं, बल्कि ग्लैमर, रोमांच और करोड़ों की बोली के लिए भी जाना जाता है. 2008 से लेकर 2025 तक की नीलामी के आंकड़ों पर नज़र डालें तो यह साफ दिखता है कि हर साल खिलाड़ियों की कीमतों में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है. हर सीज़न के साथ नए-नए रिकॉर्ड बनते गए और खिलाड़ियों की मार्केट वैल्यू आसमान छूती गई. आईपीएल इतिहास की पहली बड़ी नीलामी 2008 में हुई, जहां भारतीय कप्तान एमएस धोनी को 1.5 मिलियन डॉलर की भारी बोली में खरीदा गया. यह सिर्फ एक खरीद नहीं, बल्कि आने वाले दस वर्षों में आईपीएल पर धोनी की बादशाहत की शुरुआत थी.

भारतीय खिलाड़ियों की ब्रांड वैल्यू बढ़ी

2009 पीटरसन और फ्लिंटॉफ ने चौंकाया जब इन दोनों को 1.55 मिलियन डॉलर की बोली मिली, जो उस समय अपने आप में एक रिकॉर्ड था. 2010 में कीरोन पोलार्ड, शेन बॉन्ड पर महंगी बोली लगी,दोनों की कीमत 750,000 डॉलर पहुंची. दोनों खिलाड़ियों ने बाद में अपनी-अपनी टीमों के लिए शानदार प्रदर्शन भी किया. 2011 की नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने गौतम गंभीर पर ₹11 करोड़ से भी अधिक खर्च किए. यह उस समय की सबसे बड़ी भारतीय बोली थी. 2012 में रविंद्र जडेजा को 2 मिलियन डॉलर में खरीदा गया और 2013 में ग्लेन मैक्सवेल को 1 मिलियन डॉलर की बोली मिली और वे उस सीज़न के सबसे महंगे खिलाड़ी बने. इसके बाद दो वर्षों 2014–2015 में युवराज सिंह नीलामी के सुपरस्टार रहे. 2014 में ₹14 करोड़ और 2015 में ₹16 करोड़ की बोली के साथ लगातार दो साल रिकॉर्ड बनाने वाले युवराज पहले खिलाड़ी बने.

16 दिसंबर को अबू धाबी में 350 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली…जानें किस टीम के पास है कितना पैसा

ऑलराउंडर्स की मांग हमेशा अधिक रही है, जिसकी झलक स्टोक्स की बोली में दिखी. जहां 2017 में ₹14.5 करोड़ तो 2018 में ₹12.5 करोड़ की बोली स्टोक्स के लिए लगाई गई. 2020 के बाद तेज़ गेंदबाजों की कीमतें आसमान छू गईं. औरपैट कमिंस( ₹15.5 करोड़),क्रिस मॉरिस(₹16.25 करोड़) और सैम करन (18.5 करोड़) तीनों ने नीलामी में फ्रेंचाइज़ियों को नए सिरे से सोचने पर मजबूर किया. फिर 2024 में मिचेल स्टार्क ने ₹24.75 करोड़ की बोली के साथ नया इतिहास बनाया. लेकिन अगले ही साल 2025 में भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने ₹27 करोड़ की अविश्वसनीय कीमत पाकर सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए. इससे यह भी साबित हुआ कि भारतीय खिलाड़ियों की ब्रांड वैल्यू वैश्विक स्तर पर कितनी मजबूत हो चुकी है.

अब नजरें 16 दिसंबर 2025 की नीलामी पर

350 खिलाड़ियों की इस सूची में कई बड़े नाम, युवा चेहरे और उभरते सितारे शामिल हैं. फ्रेंचाइज़ियां अपनी-अपनी रणनीतियों के साथ मैदान में उतरेंगी और देखना दिलचस्प होगा कि किस पर सबसे ज्यादा बोली लगती है. क्या 2026 की नीलामी में फिर कोई नया रिकॉर्ड टूटेगा? क्या कोई भारतीय खिलाड़ी पंत के 27 करोड़ के आंकड़े को पार करेगा? या फिर विदेशी गेंदबाजों का दबदबा एक बार फिर देखने को मिलेगा? इन सभी सवालों के जवाब 16 दिसंबर को मिलेंगे, जब अबू धाबी में हथौड़ा बजेगा और करोड़ों की बोलियां खिलाड़ियों पर बरसेंगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *