बिहार में फिल्म सिटी का सपना होगा साकार…अधिकारियों और कलाकारों ने किया स्थल निरीक्षण

Bihar film city : बिहार में फिल्म सिटी की स्थापना का लंबे समय से चला आ रहा सपना अब आकार लेता दिख रहा है। बांका जिले के कटोरिया प्रखंड में प्रस्तावित ग्रीन बिहार फिल्म सिटी परियोजना को लेकर बुधवार को उच्चस्तरीय टीम ने विस्तृत निरीक्षण किया। कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, बांका जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला सहित जिले के तमाम वरीय अधिकारी इस निरीक्षण में मौजूद रहे। इस दौरे में बॉलीवुड अभिनेत्री नीतू चंद्रा, कलाकार टुनटुन शर्मा, गौरव द्विवेदी और राहुल नेहरा भी शामिल हुए, जिन्होंने संभावनाओं का आकलन करते हुए इसे फिल्म निर्माण के लिए बेहद उपयुक्त स्थान बताया।

प्राकृतिक सौंदर्य और सुविधाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान टीम ने प्रस्तावित फिल्म सिटी स्थल के भौगोलिक स्वरूप, प्राकृतिक परिवेश, सड़क संपर्क, जल स्रोत और भविष्य में बनने वाली संरचनाओं की संभावनाओं का विस्तृत अध्ययन किया। कटोरिया का शांत माहौल, घने जंगल, हरियाली से आच्छादित पहाड़ और प्राकृतिक खूबसूरती ने कलाकारों को खासा प्रभावित किया। कलाकारों ने कहा कि कटोरिया का प्राकृतिक वातावरण फिल्मों की शूटिंग के लिए बिल्कुल अनुकूल है और यह भविष्य में बिहार की फिल्म इंडस्ट्री का प्रमुख केंद्र बन सकता है।

अधिकारियों ने दी परियोजना की जानकारी

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अजीत कुमार, उप विकास आयुक्त उपेंद्र कुमार, डीआरडीए निदेशक श्रीनिवास और जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी प्रीति कुमारी सहित सभी वरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सचिव को परियोजना से जुड़ी प्रारंभिक योजनाओं और तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। सचिव प्रणव कुमार ने कहा कि फिल्म सिटी के निर्माण से स्थानीय रोजगार, पर्यटन को बढ़ावा और कला-संस्कृति के संरक्षण को नई ऊर्जा मिलेगी।

ओढ़नी डैम को विकसित करने पर जोर

फिल्म सिटी स्थल का निरीक्षण करने के बाद सभी अतिथि ओढ़नी डैम पहुंचे, जहां जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई। कलाकारों और अधिकारियों ने ओढ़नी डैम के शांत वातावरण और मनोरम दृश्यावली की सराहना की। सचिव ने कहा कि ओढ़नी डैम का प्राकृतिक रूप फिल्म शूटिंग के लिए आकर्षक लोकेशन बन सकता है और भविष्य में इसे एक बड़े पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। सभी मेहमानों ने ओढ़नी डैम में बोटिंग का आनंद भी लिया।

जिले में जगी नई उम्मीद

कलाकारों ने कहा कि बांका की प्राकृतिक संपदा को यदि सही दिशा और संरचना मिले, तो यह क्षेत्र न सिर्फ बिहार बल्कि देश के फिल्म उद्योग में अपनी अलग पहचान बना सकता है। कटोरिया में प्रस्तावित फिल्म सिटी परियोजना को लेकर हुआ यह निरीक्षण स्थानीय लोगों में नई उम्मीद जगाता है। प्रशासन और फिल्म जगत के कलाकारों की संयुक्त उपस्थिति इस बात का संकेत है कि फिल्म सिटी का सपना अब जमीन पर उतरने की दिशा में एक बड़ा कदम आगे बढ़ चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *