Hair growth tips : सर्दियों का मौसम जहां एक ओर ठंडी हवाओं और सुहावने मौसम का एहसास कराता है, वहीं दूसरी ओर यह स्किन और बालों से जुड़ी कई समस्याएं भी लेकर आता है। खासकर इस मौसम में बाल रूखे, बेजान और कमजोर हो जाते हैं। ठंडी हवाओं और नमी की कमी के कारण दोमुंहे बाल (Split Ends) की समस्या तेजी से बढ़ती है, जिससे बाल ज्यादा झड़ने लगते हैं और उनकी खूबसूरती भी कम हो जाती है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, सर्दियों में बालों में नमी की कमी सबसे बड़ा कारण होती है, जो बालों की जड़ों को कमजोर कर देती है। ऐसे में सही देखभाल और घरेलू उपाय अपनाकर इस समस्या से काफी हद तक बचा जा सकता है।
तेल मालिश से मिलेगा फायदा
सर्दियों में हफ्ते में कम से कम दो बार गुनगुने तेल से बालों की मालिश करने की सलाह दी जाती है। पांचों उंगलियों से हल्के हाथों से स्कैल्प की मसाज करने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, जिससे बालों की जड़ों को मजबूती मिलती है। मालिश के लिए तिल का तेल, नारियल का तेल, जैतून का तेल या बादाम का तेल उपयोगी माना जाता है।
घी से करें बालों की देखभाल
रात में सोने से पहले बालों के निचले सिरे पर थोड़ा सा घी लगाने से भी दोमुंहे बालों की समस्या में राहत मिलती है। इससे बालों के सिरे का रूखापन कम होता है, बालों में चमक आती है और टूटे हुए सिरों को पोषण मिलता है।
घरेलू हेयर मास्क भी असरदार
दोमुंहे बालों से निजात पाने के लिए एलोवेरा, दही, मेथी पाउडर और आंवला से बना हेयर मास्क भी फायदेमंद है। इन सभी चीजों का पेस्ट बनाकर बालों में लगाएं और करीब 20 मिनट बाद हल्के गुनगुने पानी से धो लें। हफ्ते में एक बार इस पैक का इस्तेमाल करने से बाल घने होते हैं और दोमुंहे बालों की समस्या कम होती है।
हीट से बनाएं दूरी
विशेषज्ञों का कहना है कि दोमुंहे बालों का सबसे बड़ा कारण हीट टूल्स का ज्यादा इस्तेमाल है। हेयर ड्रायर, स्ट्रेटनर और कर्लर से निकलने वाली गर्मी बालों को जला देती है, जिससे वे कमजोर होकर बीच से टूटने लगते हैं। सर्दियों में बालों को प्राकृतिक रूप से या तौलिए से सुखाना ज्यादा बेहतर होता है.अगर आप भी सर्दियों में अपने बालों को हेल्दी, मजबूत और खूबसूरत बनाए रखना चाहती हैं, तो समय रहते इन उपायों को अपनाना फायदेमंद साबित हो सकता है।