Netflix 2026 Release : ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स साल 2026 में दर्शकों के लिए बड़ा कंटेंट पैकेज लेकर आ रहा है। फिल्मों से लेकर वेब सीरीज तक, कई बड़े सितारे और नामचीन निर्देशक नेटफ्लिक्स पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने वाले हैं। रोमांस, एक्शन, फैमिली ड्रामा और बोल्ड कंटेंट हर जॉनर में दर्शकों को कुछ नया देखने को मिलेगा।
इमरान खान की वापसी से चर्चा में अधूरे हम अधूरे तुम
साल 2026 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली रोमांटिक फिल्म अधूरे हम अधूरे तुम को लेकर खासा उत्साह है। इस फिल्म के जरिए अभिनेता इमरान खान लंबे समय बाद वापसी कर रहे हैं। फिल्म में उनके साथ भूमि पेडनेकर नजर आएंगी। हालांकि रिलीज डेट का अभी ऐलान नहीं हुआ है।
तापसी पन्नू की एक्शन फिल्म गांधारी
लेखिका कनिका ढिल्लों द्वारा लिखी गई एक्शन फिल्म गांधारी भी नेटफ्लिक्स के 2026 लाइनअप का हिस्सा है। फिल्म में तापसी पन्नू दमदार अवतार में नजर आएंगी। यह फिल्म महिला-केंद्रित एक्शन ड्रामा बताई जा रही है।
ओटीटी डेब्यू करेंगे सनी देओल
बॉलीवुड के एक्शन हीरो सनी देओल पहली बार ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कदम रखने जा रहे हैं। उनकी फिल्म ‘इक्का’ 2026 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। फिल्म में अक्षय खन्ना भी अहम भूमिका में हैं और निर्देशन सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने किया है।
लस्ट स्टोरीज 3 से फिर लौटेगा बोल्डनेस
नेटफ्लिक्स की चर्चित एंथोलॉजी सीरीज लस्ट स्टोरीज का तीसरा भाग भी 2026 में रिलीज किया जाएगा। इस बार अलग-अलग कहानियों को विक्रमादित्य मोटवाने, किरण राव और शकुन बत्रा जैसे दिग्गज निर्देशक पेश करेंगे।
माधुरी दीक्षित और तृप्ति डिमरी की मां-बेटी की कहानी
फैमिली ड्रामा मां-बेटी (मदर-डॉटर) में माधुरी दीक्षित और तृप्ति डिमरी एक साथ स्क्रीन साझा करेंगी। फिल्म का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी कर रहे हैं और यह रिश्तों की भावनात्मक कहानी पर आधारित होगी।
राजकुमार राव बनेंगे निर्माता
अभिनेता राजकुमार राव फिल्म टोस्टर में न सिर्फ अभिनय करेंगे बल्कि इस फिल्म से बतौर निर्माता भी डेब्यू कर रहे हैं। फिल्म में सान्या मल्होत्रा और सीमा पाहवा भी अहम भूमिकाओं में होंगी।
सैफ अली खान की अनटाइटल्ड फिल्म
इसके अलावा नेटफ्लिक्स पर सैफ अली खान, दीपक डोबरियाल और प्रतीक गांधी की एक अनाम फिल्म भी रिलीज की जाएगी। फिलहाल फिल्म के टाइटल और कहानी को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।
रिलीज डेट का इंतजार
नेटफ्लिक्स की इन फिल्मों और सीरीज की सटीक रिलीज डेट अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन इतना तय है कि साल 2026 ओटीटी दर्शकों के लिए बेहद खास होने वाला है।