95 हजार तस्वीरें और बैंक रिकॉर्ड्स… क्या है एपस्टीन सेक्स स्कैंडल ? जिसको लेकर गले में अटकी है दुनिया के ताकतवर लोगों की जान

Epstein Sex Scandal Files : अमेरिका के कुख्यात फाइनेंसर जेफ्री एपस्टीन से जुड़े सेक्स स्कैंडल को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. सरकार की ओर से फाइलें सार्वजनिक किए जाने की प्रक्रिया के बीच यह सवाल लगातार उठ रहा है कि अब तक क्या-क्या सामने आ चुका है और आगे किन बड़े खुलासों की उम्मीद की जा रही है.

अब तक कौन-कौन से दस्तावेज सार्वजनिक हो चुके हैं?

एपस्टीन मामले से जुड़े हजारों पन्नों के दस्तावेज पिछले कई वर्षों में पहले ही सार्वजनिक हो चुके हैं. इनमें सबसे अहम 2021 में एपस्टीन की सहयोगी और गर्लफ्रेंड गिस्लीन मैक्सवेल का आपराधिक ट्रायल शामिल है, जिसमें उसे नाबालिग लड़कियों की तस्करी और यौन शोषण में मदद का दोषी ठहराया गया था. इसके अलावा अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट (DOJ) की रिपोर्टें, कई दीवानी मुकदमों से जुड़े कोर्ट दस्तावेज और सूचना के अधिकार (FOIA) के तहत हासिल की गई फाइलें भी पहले से सार्वजनिक डोमेन में हैं.

मैक्सवेल इंटरव्यू और नई फाइलें

इस साल की शुरुआत में जस्टिस डिपार्टमेंट और FBI में डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा नियुक्त अधिकारियों ने एपस्टीन से जुड़ी कुछ कथित सीक्रेट फाइलें जारी की थीं. हालांकि, इन दस्तावेजों में शामिल ज्यादातर जानकारियां पहले से ही सार्वजनिक थीं. इसी वजह से ट्रम्प प्रशासन को विपक्ष और मानवाधिकार संगठनों की कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा. जस्टिस डिपार्टमेंट ने इस साल गिस्लीन मैक्सवेल के साथ हुए अपने विवादित इंटरव्यू के सैकड़ों पन्ने भी जारी किए. इन इंटरव्यू में मैक्सवेल ने खुद को निर्दोष बताते हुए कई पीड़ितों के बयानों पर सवाल उठाए और कुछ मामलों में उनकी आलोचना तक की. हाल ही में अमेरिकी संसद की हाउस ओवरसाइट कमेटी के डेमोक्रेट सदस्यों ने 12 दिसंबर और 18 दिसंबर को एपस्टीन की संपत्ति से जुड़े कई नए दस्तावेज और तस्वीरें सार्वजनिक कीं. इन तस्वीरों में कई प्रभावशाली हस्तियों की मौजूदगी ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नई बहस छेड़ दी.

फाइलों में आगे क्या-क्या सामने आ सकता है?

सरकार पर अब यह दबाव बढ़ रहा है कि वह जनता को पूरी पारदर्शिता के साथ बताए कि किन दस्तावेजों के हिस्सों को ब्लैक (काला) किया गया है और क्यों, कौन-सी सामग्री सार्वजनिक की गई और कौन-सी अब भी गोपनीय रखी गई, किन सरकारी अधिकारियों और राजनीतिक या आर्थिक रूप से प्रभावशाली लोगों का नाम या संदर्भ इन फाइलों में मौजूद है. नियमों के अनुसार, फाइलें जारी होने के 15 दिनों के भीतर इन सभी बिंदुओं पर स्पष्ट जानकारी देना सरकार के लिए अनिवार्य होगा. हालांकि यह अभी साफ नहीं है कि जो दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएंगे, उनमें कितना नया और चौंकाने वाला खुलासा होगा. पिछले करीब 20 वर्षों में एपस्टीन के यौन अपराधों से जुड़े हजारों दस्तावेज पहले ही सामने आ चुके हैं.

एपस्टीन केस की शुरुआत कैसे हुई?

इस सनसनीखेज मामले की शुरुआत 2005 में फ्लोरिडा से हुई थी, जब एक 14 वर्षीय लड़की की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में आरोप लगाया गया कि एपस्टीन ने अपनी आलीशान कोठी में मसाज के बहाने उसकी बेटी को बुलाया और वहां उस पर यौन संबंध बनाने का दबाव डाला. पुलिस जांच में सामने आया कि यह कोई एकल मामला नहीं था. धीरे-धीरे करीब 50 नाबालिग लड़कियों की पहचान हुई, जिन्होंने एपस्टीन पर इसी तरह के गंभीर आरोप लगाए.

रसूख, पार्टियां और लोलिता एक्सप्रेस

जांच में खुलासा हुआ कि एपस्टीन के पास न्यूयॉर्क के मैनहट्टन और फ्लोरिडा के पाम बीच में आलीशान विला थे, जहां वह हाई-प्रोफाइल पार्टियां आयोजित करता था. इन पार्टियों में राजनीति, बिजनेस और मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल होती थीं. एपस्टीन अपने निजी जेट लोलिता एक्सप्रेस के जरिए कम उम्र की लड़कियों को अलग-अलग जगहों पर ले जाता था. आरोप है कि वह लड़कियों को पैसों, गहनों और धमकियों के जरिए मजबूर करता था, जिसमें गिस्लीन मैक्सवेल उसकी मदद करती थी.

2008 की सजा और न्याय पर सवाल

इतने गंभीर आरोपों के बावजूद एपस्टीन को 2008 में केवल 13 महीने की सजा हुई, वह भी ऐसी शर्तों के साथ कि वह जेल से बाहर जाकर काम कर सकता था. इस नरमी ने अमेरिकी न्याय व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े किए. अब एक बार फिर एपस्टीन सेक्स स्कैंडल चर्चा में है. माना जा रहा है कि फाइलों के पूरी तरह सार्वजनिक होते ही दुनिया के कई बड़े बिजनेसमैन, राजनेता और प्रभावशाली हस्तियों के नाम सामने आ सकते हैं. बताया जा रहा है कि इन फाइलों में हजारों पन्नों के दस्तावेज, करीब 95 हजार तस्वीरें और बैंक रिकॉर्ड्स शामिल हैं. स्कैंडल से जुड़ी 68 नई तस्वीरें गुरुवार देर रात हाउस ओवरसाइट कमेटी के डेमोक्रेट सांसदों द्वारा जारी की गईं. इन तस्वीरों में अरबपति बिल गेट्स, गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन, फिल्ममेकर वुडी एलन, दार्शनिक नोम चॉम्स्की और डोनाल्ड ट्रम्प के पूर्व सलाहकार स्टीव बैनन जैसी कई चर्चित हस्तियां नजर आ रही हैं. अब पूरी दुनिया की निगाहें इस पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में एपस्टीन फाइलों से कौन-कौन से नए राज सामने आते हैं और क्या इस बार सचमुच सभी जिम्मेदारों तक कानून का हाथ पहुंच पाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *