बिहार में सड़कों पर दौड़ेगी फाइव स्टार होटल ऑन व्हील्स…लॉन्च हुई लग्जरी कारवां बसें

Bihar luxury caravan bus :  बिहार पर्यटन को नई रफ्तार देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एक अनोखी और बेहद खास पहल की है। बिहार में पहली बार लग्ज़री कारवां बसों की शुरुआत की गई है, जिन्हें ‘फाइव स्टार होटल ऑन व्हील्स’ कहा जा रहा है। इस सुविधा के शुरू होने से अब पर्यटक सड़क मार्ग से लग्ज़री और आरामदायक सफर करते हुए बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।

क्या है लग्जरी कारवां बस की खासियत?

बिहार पर्यटन विभाग की ओर से लॉन्च की गई इन कारवां बसों में यात्रियों को होटल जैसी सभी सुविधाएं मिलेंगी। बस के अंदर आरामदायक बेडरूम,पूरी तरह सुसज्जित किचन,आधुनिक एंटरटेनमेंट सिस्टम, स्मूथ सफर के लिए एयर सस्पेंशन, सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे और अन्य सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। यह बसें खास तौर पर उन पर्यटकों के लिए तैयार की गई हैं, जो बार-बार होटल बदलने की झंझट से बचते हुए एक निजी और लग्ज़री यात्रा अनुभव चाहते हैं।

किराया और बुकिंग

पर्यटन विभाग के अनुसार, लग्ज़री कारवां बस का किराया 75 रुपये प्रति किलोमीटर तय किया गया है। एक दिन में न्यूनतम 250 किलोमीटर की बुकिंग अनिवार्य होगी, यानी लगभग 20 हजार रुपये प्रतिदिन का खर्च आएगा। यह सुविधा परिवार, दोस्तों के ग्रुप और टूरिस्ट्स को ध्यान में रखकर शुरू की गई है।

इन पर्यटन स्थलों की कराई जाएगी सैर

कारवां बसों के जरिए बिहार के कई प्रमुख और ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा कराई जाएगी। इनमें शामिल हैं—

  • बोधगया – जहां भगवान बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई, महाबोधि मंदिर (यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल)
  • नालंदा – प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक अवशेष
  • राजगीर – बौद्ध और जैन धर्म से जुड़ा प्रमुख तीर्थ, पहाड़ों और गर्म कुंडों के लिए प्रसिद्ध
  • वैशाली – प्राचीन गणराज्य और भगवान महावीर से जुड़ा ऐतिहासिक स्थल
  • वाल्मीकि नगर – वाल्मीकि टाइगर रिज़र्व और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए मशहूर इलाका

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

बिहार पर्यटन विभाग का मानना है कि इस पहल से राज्य में हाई-एंड टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और देश-विदेश के पर्यटक बिहार को एक नए नजरिए से देख पाएंगे। लग्ज़री कारवां बसें न सिर्फ यात्रा को आरामदायक बनाएंगी, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को भी नए तरीके से पेश करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *