Shubman gill dropped : आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान शनिवार को मुंबई में किया गया. इस चयन में सबसे बड़ा सरप्राइज शुभमन गिल को लेकर देखने को मिला. चयनकर्ताओं ने न सिर्फ उनसे टी20 टीम की उप-कप्तानी छीनी, बल्कि उन्हें 15 सदस्यीय विश्व कप टीम में भी जगह नहीं दी. शुभमन गिल ने एशिया कप 2025 के जरिए भारतीय टी20 टीम में वापसी की थी और उन्हें उप-कप्तान की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी. हालांकि, लगातार खराब फॉर्म और फिटनेस समस्याओं ने उनके चयन की राह मुश्किल कर दी.
अजीत अगरकर की सफाई
शुभमन गिल को टीम से बाहर किए जाने पर चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने विस्तार से सफाई दी. उन्होंने कहा कि गिल एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं, लेकिन टीम संयोजन ज्यादा महत्वपूर्ण होता है. अगरकर ने कहा कि शुभमन उप-कप्तान थे, लेकिन अब टीम में नहीं हैं. जब वह पहले टी20 नहीं खेल रहे थे और टेस्ट क्रिकेट में व्यस्त थे, उस दौरान कई टी20 मैच टेस्ट से टकरा रहे थे, तब अक्षर पटेल को उप-कप्तान बनाया गया था. निरंतरता की बात आती है, लेकिन असल में हम टीम कॉम्बिनेशन को देख रहे हैं. उन्होंने आगे बताया कि बल्लेबाजी क्रम और विकेटकीपर की भूमिका को ध्यान में रखकर चयन किया गया है. अगर विकेटकीपर ऊपर बल्लेबाजी करता है, तो हमें ऐसा खिलाड़ी चाहिए जो ओपनिंग कर सके. फिलहाल जितेश शर्मा उस भूमिका में फिट बैठते हैं. वहीं, रिंकू सिंह को शामिल किया गया है, जो निचले मध्यक्रम में बेहतर विकल्प देते हैं.
किन 15 खिलाड़ियों को मिली खिताब बचाने की जिम्मेदारी…? टीम से बाहर हुए भारतीय टेस्ट कप्तान
फॉर्म और फिटनेस बनी बड़ी वजह
शुभमन गिल हाल के समय में चोटों से भी जूझते रहे हैं. पिछले महीने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान उनकी गर्दन में मोच आ गई थी, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा और वह वनडे सीरीज से बाहर हो गए. इसके बाद टी20 सीरीज में वापसी तो की, लेकिन उनके स्कोर 4, 0 और 28 रन ही रहे. लखनऊ टी20 से पहले शुभमन को दोबारा चोट लग गई, जिसके कारण वह अहमदाबाद में खेले गए निर्णायक मुकाबले में भी नहीं उतर सके. कप्तान सूर्यकुमार यादव के अनुसार, गिल को हल्की निगल (strain) की समस्या थी.
टीम कॉम्बिनेशन को प्राथमिकता
अजीत अगरकर ने स्पष्ट किया कि भारतीय क्रिकेट में विकल्पों की कोई कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि हर किसी की राय अलग हो सकती है. खिलाड़ियों का चयन करना आसान नहीं होता. हम अब भी मानते हैं कि शुभमन एक शानदार खिलाड़ी हैं. फॉर्म में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन टीम संयोजन ज्यादा अहम होता है. किसी ना किसी को बाहर बैठना पड़ता है और इसका मतलब यह नहीं कि खिलाड़ी खराब है. टीम चयन से यह साफ संकेत मिलता है कि चयनकर्ताओं ने टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए मौजूदा फॉर्म, फिटनेस और संतुलित टीम संयोजन को प्राथमिकता दी है, भले ही इसके लिए शुभमन गिल जैसे बड़े नाम को बाहर ही क्यों न रखना पड़ा हो.