कॉम्बिनेशन नहीं ये है बड़ा फैक्टर…विकेटकीपरों की रेस में ईशान किशन के नाम पर क्यों लगा मुहर ?

Ishan Kishan : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान शनिवार को मुंबई में किया गया. चयन को लेकर पहले से यह चर्चा थी कि उन्हीं खिलाड़ियों को मौका मिलेगा, जो हाल के महीनों में भारत की टी20 योजनाओं का हिस्सा रहे हैं. लेकिन चयनकर्ताओं ने विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ईशान किशन को टीम में शामिल कर सभी को चौंका दिया. ईशान किशन न तो वर्ल्ड कप की संभावित सूची में गिने जा रहे थे और न ही वह हालिया टी20 सीरीज का हिस्सा थे. करीब दो साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे किशन की अचानक 15 सदस्यीय वर्ल्ड कप टीम में एंट्री ने क्रिकेट जगत में बहस छेड़ दी है.

ईशान किशन की चौंकाने वाली वापसी

हाल के समय में ईशान किशन भारत की टी20 इंटरनेशनल योजनाओं से पूरी तरह बाहर नजर आ रहे थे. विकेटकीपर की रेस में संजू सैमसन, जितेश शर्मा, ध्रुव जुरेल और ऋषभ पंत उनसे आगे माने जा रहे थे. ऐसे में घरेलू टी20 वर्ल्ड कप के लिए सीधे टीम में जगह मिलना किसी सरप्राइज से कम नहीं रहा. हालांकि टीम चयन के बाद मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शुभमन गिल को बाहर रखने और ईशान किशन को शामिल करने के पीछे “कॉम्बिनेशन” का हवाला दिया. लेकिन जानकारों की मानें तो इस फैसले की बड़ी वजह ईशान का घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन रहा.

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दमदार प्रदर्शन

ईशान किशन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में झारखंड को उसकी पहली खिताबी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और किशन टूर्नामेंट के सबसे सफल बल्लेबाज़ बने. उन्होंने कुल 517 रन बनाए, जो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा थे. इसके साथ ही उन्होंने 33 छक्के जड़े, जो किसी भी खिलाड़ी द्वारा लगाए गए सर्वाधिक छक्के रहे. ईशान का स्ट्राइक रेट 197.32 का रहा, जिसने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया. फाइनल समेत कई अहम मुकाबलों में उनकी आक्रामक पारियों ने टीम को जीत दिलाई. टी20 इंटरनेशनल में ओपनर के तौर पर शुभमन गिल के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए, ईशान किशन की यह वापसी चयनकर्ताओं के लिए एक मजबूत विकल्प बनकर सामने आई.

किन 15 खिलाड़ियों को मिली खिताब बचाने की जिम्मेदारी…? टीम से बाहर हुए भारतीय टेस्ट कप्तान

ऐसा रहा है ईशान किशन का टी20 इंटरनेशनल करियर

ईशान किशन अब तक भारत के लिए 32 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 796 रन बनाए हैं. उनका सर्वाधिक स्कोर 89 रन रहा है और स्ट्राइक रेट 124 से अधिक का है. उन्होंने अपना आखिरी टी20 मुकाबला 28 नवंबर 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था, जिसमें वह खाता नहीं खोल सके थे. हालांकि, घरेलू क्रिकेट में हालिया प्रदर्शन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि ईशान बड़े मंच के लिए खुद को तैयार कर चुके हैं. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के आखिरी मुकाबले में लगाया गया शतक उनके आत्मविश्वास और फॉर्म की बानगी है.

फरवरी से मार्च तक खेला जाएगा टी20 वर्ल्ड कप

गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में किया जाएगा. टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 20 मार्च को खेला जाएगा. डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम को ग्रुप-ए में रखा गया है, जहां उसका सामना पाकिस्तान, संयुक्त राज्य अमेरिका (USA), नामीबिया और नीदरलैंड्स से होगा. अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि ईशान किशन इस दूसरे मौके को किस तरह भुनाते हैं और क्या वह वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर चयनकर्ताओं के भरोसे पर खरे उतर पाते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *