India vs Pakistan Final:अंडर-19 एशिया कप 2025 का खिताबी मुकाबला रविवार को क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खास होने वाला है. टूर्नामेंट के फाइनल में भारत और पाकिस्तान की युवा टीमें आमने-सामने होंगी. यह महामुकाबला दुबई स्थित आईसीसी एकेडमी ग्राउंड पर खेला जाएगा. मैच की शुरुआत सुबह 10:30 बजे होगी, जबकि टॉस 10 बजे डाला जाएगा. भारतीय टीम इस मुकाबले में नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगी. टीम इंडिया अब तक इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम रही है और एक बार फिर उसका लक्ष्य अपने दबदबे को कायम रखना होगा. वहीं पाकिस्तान की टीम भी मजबूत प्रदर्शन के दम पर फाइनल में पहुंची है और वह भारत से पिछली हार का बदला लेने के इरादे से उतरेगी.
वैभव सूर्यवंशी पर होंगी निगाहें
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को एक बार फिर स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद होगी. वैभव इस समय यूथ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने अब तक 57 छक्के जड़कर यह उपलब्धि अपने नाम की है. मौजूदा टूर्नामेंट में भी वैभव का बल्ला जमकर बोला है और उनकी आक्रामक बल्लेबाजी भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है.
ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान को मिली थी करारी हार
इससे पहले इसी टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने आए थे, जहां भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 90 रन से करारी शिकस्त दी थी. उस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया था और फिर गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर पाकिस्तान की पारी को समेट दिया था.
सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान का सफर
सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 8 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया. इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों ने संतुलित प्रदर्शन किया और जीत को आसान बना दिया. वहीं पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन बांग्लादेश को हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया. पाकिस्तान की इस जीत ने फाइनल को और भी रोमांचक बना दिया है.
हाई-वोल्टेज मुकाबले की उम्मीद
भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबले हमेशा ही हाई-वोल्टेज रहते हैं, चाहे वह सीनियर स्तर हो या अंडर-19 क्रिकेट. फाइनल में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलने की पूरी उम्मीद है. जहां भारत अपनी जीत की लय और खिताबी अनुभव के साथ उतरेगा, वहीं पाकिस्तान बदले की भावना और नए जोश के साथ मैदान में उतरने को तैयार है. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या टीम इंडिया नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का ताज अपने सिर सजाने में कामयाब होती है या फिर पाकिस्तान इतिहास रचते हुए भारत की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर देता है.