बिहार में ठंड से तापमान में तेज गिरावट….कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी, जानें कैसा रहेगा मौसम का हाल

Bihar weather : बिहार में मौसम ने अब साफ तौर पर करवट ले ली है। सुबह और शाम के साथ-साथ अब दोपहर में भी ठंड का अहसास होने लगा है। राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बीते 24 घंटे के भीतर अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। इस बीच मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी कर आने वाले दिनों में कोहरे और शीत दिवस जैसी स्थिति को लेकर अलर्ट किया है।

12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा न्यूनतम तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, आज पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी और मधुबनी जिलों के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है। इसके अलावा राज्य के पश्चिमी और मध्य भागों में एक-दो स्थानों पर शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और कहीं भी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।तापमान की बात करें तो उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार में अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है, जिससे सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड महसूस होगी।

आने वाले दिनों का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 4 से 5 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। इससे दृश्यता (विजिबिलिटी) में कमी आएगी और सड़क, रेल व हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। विभाग ने लोगों से वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने, बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाने तथा गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है। मौसम विभाग के मुताबिक 22 दिसंबर को भी पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान और सारण जिलों में कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। इसके बाद 23 से 26 दिसंबर के बीच किसी विशेष मौसम चेतावनी की संभावना नहीं जताई गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *