Darbhanga News : दरभंगा समाहरणालय सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में अहिल्या गौतम महोत्सव 2026 के सफल और भव्य आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष महोत्सव को पहले से अधिक आकर्षक, यादगार और जनसहभागिता से परिपूर्ण स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि अहिल्या गौतम महोत्सव के माध्यम से मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, इतिहास, विकास यात्रा, पारंपरिक धरोहर, महापुरुषों, पर्यटन स्थलों के पौराणिक महत्व और लोक कलाओं का व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा। इसका उद्देश्य आम जनमानस को मिथिला की सांस्कृतिक परंपरा और पहचान से रूबरू कराना है।
9 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक आयोजन
महोत्सव के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कवि सम्मेलन और अन्य विविध सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रमों की व्यापकता और विविधता को देखते हुए महोत्सव को तीन दिवसीय स्वरूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। यह महोत्सव 9 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक आयोजित होगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि कार्यक्रम में राज्य और राष्ट्रीय स्तर के ख्यातिप्राप्त कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को भी मंच प्रदान किया जाएगा, ताकि क्षेत्रीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिल सके। कलाकारों के चयन के लिए अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, दरभंगा की अध्यक्षता में एक चयन समिति के गठन का निर्णय लिया गया।
दरभंगा में रिश्तों का खौफनाक कत्ल…जमीन की लालच में बेटे ने पिता को उतारा मौत की घाट
समीक्षा बैठक में उपस्थित रहे पदाधिकारी
समीक्षा बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, एडीएम राजस्व मनोज कुमार, अपर समाहर्ता विभागीय जांच राकेश कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, वरीय उप समाहर्ता निशांत कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार, समिति के सदस्य, अंचलाधिकारी जाले सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।