अभी बाकी है अजय देवगन की फैमिली थ्रिलर का आखिरी सस्पेंस …दृश्यम 3 का ऐलान

Drishyam 3 Release Date : बॉलीवुड की चर्चित फैमिली थ्रिलर फ्रेंचाइजी दृश्यम का तीसरा भाग आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिया गया है. साल 2015 में रिलीज हुई दृश्यम और फिर 2022 में आए इसके सीक्वल को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था. खासतौर पर दृश्यम 2 ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़े और कहानी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. अब मेकर्स एक बार फिर विजय सालगांवकर की कहानी को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी में हैं.

1 मिनट 13 सेकंड का अनाउंसमेंट वीडियो

फिल्म के ऐलान के साथ एक छोटा सा अनाउंसमेंट वीडियो भी जारी किया गया है, जिसकी अवधि करीब 1 मिनट 13 सेकंड है. यह वीडियो अजय देवगन की आवाज से शुरू होता है, जिसमें वे परिवार की अहमियत पर बात करते हुए अब तक की कहानी की झलक दिखाते हैं. वॉइसओवर में अजय कहते हैं कि दुनिया उन्हें कई नामों से बुलाती है, लेकिन उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. वीडियो के अंत में उनका डायलॉग,कहानी अभी खत्म नहीं हुई है, क्योंकि आखिरी हिस्सा बाकी है, जो दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा देता है.

चल रही दृश्यम 3 की शूटिंग

गौरतलब है कि दृश्यम मूल रूप से साउथ की सुपरहिट फिल्म दृश्यम का हिंदी रीमेक है. साउथ इंडस्ट्री में भी मोहनलाल स्टारर दृश्यम 3 की शूटिंग चल रही है. ऐसे में हिंदी और साउथ, दोनों भाषाओं के दर्शकों को इस थ्रिलर फ्रेंचाइजी के तीसरे अध्याय का बेसब्री से इंतजार है. उम्मीद की जा रही है कि दृश्यम 3 की कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां दृश्यम 2 खत्म हुई थी. अब देखना दिलचस्प होगा कि विजय सालगांवकर इस बार अपने परिवार को बचाने के लिए कौन सा नया दांव चलता है.

कब रिलीज होगी दृश्यम 3

मेकर्स ने दृश्यम 3 की अनाउंसमेंट के साथ इसकी रिलीज डेट का भी खुलासा कर दिया है. यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. तीसरे पार्ट में भी अजय देवगन, तब्बू, श्रिया शरण और इशिता दत्ता अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जबकि निर्देशन की कमान एक बार फिर अभिषेक पाठक संभालेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *