Murder Cases In Bihar : बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव (ACS) अरविंद चौधरी ने दावा किया है कि राज्य में अपराध के प्रमुख मामलों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में हत्या के मामलों में 7.72 प्रतिशत, डकैती में 24.87 प्रतिशत और दंगा मामलों में 17.97 प्रतिशत की गिरावट आई है।
हत्या के मामलों में 7.72 प्रतिशत की कमी
ACS अरविंद चौधरी ने कहा कि बिहार अब पूरी तरह नक्सल मुक्त राज्य बन चुका है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2013 में जहां राज्य के 22 जिले नक्सल प्रभावित थे, वहीं अब 2025 में एक भी जिला नक्सल प्रभावित नहीं है। यह उपलब्धि सुरक्षा बलों, पुलिस प्रशासन और समन्वित रणनीति का परिणाम है। उन्होंने बताया कि न्यायिक प्रक्रिया को तेज करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए गए हैं। वर्ष 2025 में अब तक करीब 2.99 लाख लंबित मामलों का निपटारा किया जा चुका है, जिससे न्याय व्यवस्था पर लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है।
सांप्रदायिक घटनाओं में लगातार गिरावट
ACS ने कहा कि हमारा उद्देश्य प्रशासन के माध्यम से कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आम लोगों को भयमुक्त वातावरण में विकास का अवसर देना है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2024-25 के दौरान सांप्रदायिक घटनाओं में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। इसके पीछे खुफिया सूचनाओं का समय पर संग्रह, सतर्क निगरानी और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई अहम कारण रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर पंकज दराद भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए भविष्य की रणनीतियों पर भी प्रकाश डाला।