Bihar crime news : बिहार के किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में 20 दिसंबर को हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है. जांच में सामने आया है कि मृतक जुल्फिकार की हत्या प्रेम-प्रसंग के चलते की गई थी. आरोप है कि उसकी प्रेमिका के भाइयों ने साजिश रचकर उसे घर बुलाया, हत्या की और फिर अपराध को छुपाने के लिए शव को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की. पुलिस के अनुसार जुल्फिकार का आरोपियों की बहन के साथ प्रेम संबंध था. जब इस रिश्ते की जानकारी परिवार को हुई तो बहन के जरिए जुल्फिकार को घर बुलाया गया. इस दौरान शादी की बात भी चली, लेकिन जुल्फिकार के यह बताने पर कि वह पहले से शादीशुदा है और एक बच्चे का पिता है, आरोपियों ने हत्या की योजना बना ली. जांच में यह भी सामने आया कि दोनों के बीच अवैध संबंध थे, जो आरोपियों को स्वीकार्य नहीं थे.
हत्या को हादसा दिखाने की साजिश
पुलिस ने बताया कि जुल्फिकार की हत्या के बाद आरोपियों ने शव को राजवान के पास सड़क किनारे फेंक दिया और फिर उस पर कार चढ़ाकर इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की. हालांकि, तकनीकी, वैज्ञानिक और साक्ष्य आधारित जांच के जरिए पुलिस ने इस साजिश को पूरी तरह नाकाम कर दिया. इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद आदम, शहजाद आलम, खुशबू बेगम और मोहम्मद अंजार आलम के रूप में हुई है, जो सभी दहीभात, टेढ़ागाछ के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस के अनुसार, मोहम्मद आदम घटना में प्रयुक्त कार का चालक था. वह एक बारात में गया हुआ था और बारात से लौटते समय उसे गिरफ्तार किया गया.
नौसेना अधिकारी बनकर महिला से शोषण…शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, जानें क्या है पूरा मामला
पूछताछ में कबूलनामा
पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. उन्होंने बताया कि मृतक का उनकी बहन के साथ संबंध था, जिससे नाराज होकर साजिश रची गई और जुल्फिकार की हत्या कर दी गई. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं. इनमें चार मोबाइल फोन, एक एर्टिगा कार और मृतक की मोटरसाइकिल शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि बरामद साक्ष्यों के आधार पर केस को और मजबूत किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है और मामले में चार्जशीट की तैयारी की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि इस हत्याकांड से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है ताकि दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके.