बिहार में प्रचंड जीत के एक महीने बाद नीतीश कुमार की दिल्ली दौड़, पीएम मोदी और अमित शाह से मुलाकात

Bihar politics : बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली प्रचंड जीत के लगभग एक महीने बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान उनके साथ बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी मौजूद थे.हालांकि इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा लेकिन जानकारों की मानें तो इसके राजनीतिक और प्रशासनिक मायने काफी अहम हैं. ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 243 में से 202 सीटों पर जीत दर्ज कर बड़ा जनादेश हासिल किया है. चुनाव के बाद यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहली औपचारिक मुलाकात है और यह मुलाकात केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के संकेत हैं.

विकास और रोजगार पर हुई चर्चा

मीडिया सूत्रों के मुताबिक बैठक के दौरान बिहार के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई. खास तौर पर रोजगार सृजन, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और एनडीए के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों को जमीन पर उतारने को लेकर चर्चा हुई. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत पर जोर दिया, जिस पर प्रधानमंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया. बैठक में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं, खासकर मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना और एक करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य पर भी चर्चा की गई.

सम्राट चौधरी की भूमिका पर भी नजर

इस मुलाकात को इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि हाल ही में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बिहार के गृह विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पहले यह विभाग खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास था. ऐसे में केंद्र के शीर्ष नेतृत्व से उनका साथ जाना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण संकेत देता है. मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए इसे शिष्टाचार भेंट बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि बिहार के विकास को लेकर उन्हें महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला है.

सांसद-विधायकों के कमीशन वसूली के आरोप पर भाजपा की चुप्पी, राज्यसभा सीट को लेकर मांझी की सियासी चाल के क्या है मायने

अमित शाह से भी की मुलाकात

प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी उनके आवास पर भेंट की. इस दौरान बिहार के विकास, कानून-व्यवस्था और केंद्र-राज्य समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. गृह मंत्री अमित शाह ने भी सोशल मीडिया के जरिए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार में जनकल्याण और सुशासन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

राजनीतिक संदेश भी अहम

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह दौरा केवल औपचारिकता भर नहीं है, बल्कि इसके जरिए बिहार में एनडीए सरकार के अगले रोडमैप और केंद्र से मिलने वाले सहयोग को लेकर स्पष्ट संदेश दिया गया है. आने वाले दिनों में बिहार को लेकर कई बड़ी योजनाओं और घोषणाओं की उम्मीद भी जताई जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *