Bihar weather : बिहार पिछले एक सप्ताह से भीषण शीतलहर की चपेट में है. बर्फीली पछुआ हवाओं के कारण प्रदेशभर में कनकनी बढ़ गई है. हालात को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है. ठंड और कोहरे का असर जनजीवन से लेकर परिवहन व्यवस्था तक साफ नजर आ रहा है. घने कोहरे के कारण हवाई और रेल यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है. कोहरे की वजह से चार उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 20 जोड़ी विमानों ने देरी से उड़ान भरी. वहीं, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और तेजस एक्सप्रेस करीब 9 घंटे की देरी से चल रही हैं.
28 दिसंबर तक शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के चार जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है, जबकि आठ जिलों में तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से कम रिकॉर्ड किया गया. अगले पांच दिनों तक मौसम की स्थिति में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आज बिहार के 25 जिले कोल्ड डे और घने कोहरे की चपेट में रहेंगे. इनमें 12 जिलों के लिए घने कोहरे और कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 13 जिलों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट है. विभाग के अनुसार, प्रदेश में 28 दिसंबर तक शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है.