Vaibhav suryavanshi : विजय हजारे ट्रॉफी के पहले दिन बिहार और अरुणाचल प्रदेश के बीच खेले गए मुकाबले ने भारतीय घरेलू क्रिकेट का इतिहास ही बदल दिया. यह ऐसा दिन रहा, जब एक के बाद एक रिकॉर्ड टूटते चले गए और आंकड़े पल भर में पुराने पड़ते नजर आए. बल्लेबाजों की इस ऐतिहासिक जंग में बिहार ने वह कर दिखाया, जिसकी कल्पना वनडे क्रिकेट में शायद ही किसी ने की हो. मैच में सबसे पहले 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के बल्ले ने आग उगली. उन्होंने महज 36 गेंदों में शतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास में सनसनी फैला दी. उस समय यह भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे तेज शतक था. हालांकि कुछ ही घंटों के भीतर यह रिकॉर्ड तीसरे और फिर चौथे स्थान पर खिसक गया.
लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास में सनसनी
इसके बाद बिहार के कप्तान सकीबुल गनी ने वह कर दिखाया, जो वैभव सूर्यवंशी भी नहीं कर पाए थे. 26 वर्षीय गनी ने सिर्फ 32 गेंदों में शतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट का नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया. वह 40 गेंदों में 128 रन बनाकर नाबाद लौटे, जिसमें 10 चौके और 12 छक्के शामिल रहे. इससे पहले यह रिकॉर्ड अनमोलप्रीत सिंह के नाम था, जिन्होंने 2024 में 35 गेंदों में शतक जड़ा था. वैभव सूर्यवंशी की पारी भी कम ऐतिहासिक नहीं रही. उन्होंने सिर्फ 84 गेंदों में 190 रन ठोक दिए और दोहरे शतक से महज 10 रन दूर रह गए. अपनी इस तूफानी पारी में उन्होंने 16 चौके और 15 छक्के लगाए. खास बात यह रही कि उन्होंने सिर्फ 54 गेंदों में 150 रन पूरे कर एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. डिविलियर्स ने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 64 गेंदों में 150 रन बनाए थे.
लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक
इतना ही नहीं, वैभव सूर्यवंशी लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले खिलाड़ी भी बन गए. उन्होंने 14 साल 272 दिन की उम्र में यह कारनामा किया. इससे पहले यह रिकॉर्ड जहूर इलाही के नाम था, जिन्होंने 15 साल 209 दिन की उम्र में शतक लगाया था. वैभव के 15 छक्के विजय हजारे ट्रॉफी की एक पारी में लगाए गए सर्वाधिक छक्कों की बराबरी भी हैं. इससे पहले 2022-23 सीजन में नारायण जगदीशन ने भी 15 छक्के जड़े थे.
विजय हजारे ट्रॉफी में रिकॉर्ड्स की बारिश
रिकॉर्ड्स की यह बारिश यहीं नहीं थमी. बिहार ने 6 विकेट के नुकसान पर 574 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया, जो लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा टीम टोटल है. इससे पहले 2022 में तमिलनाडु ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 506 रन बनाए थे, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इंग्लैंड ने नीदरलैंड्स के खिलाफ 498 रन बनाए थे. उधर झारखंड बनाम कर्नाटक मुकाबले में झारखंड के कप्तान ईशान किशन ने भी सिर्फ 33 गेंदों में शतक जड़कर इस ऐतिहासिक दिन को और खास बना दिया. नतीजतन, वैभव सूर्यवंशी का शतक कुछ ही घंटों में लिस्ट-ए क्रिकेट का दूसरा सबसे तेज शतक होने से चौथे स्थान पर पहुंच गया.