Bangladesh Protest Live Updates : बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं. बुधवार को हुए एक शक्तिशाली विस्फोट के बाद एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है. इस विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है. धमाके के बाद उग्र भीड़ ने देर रात ढाका यूनिवर्सिटी परिसर में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर काजी नजरुल इस्लाम की कविताएं पढ़ते और धार्मिक नारे लगाते हुए टेबल-कुर्सियां तोड़ते रहे. विश्वविद्यालय परिसर में फैली अराजकता ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है.
17 साल के निर्वासन के बाद तारिक रहमान की वतनवापसी
इसी बीच राजनीतिक घटनाक्रम भी तेजी से बदल रहा है. बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान 17 साल के निर्वासन के बाद आज ढाका लौट रहे हैं. सूत्रों के अनुसार, उनका विमान बांग्लादेश के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर चुका है और कुछ ही देर में ढाका एयरपोर्ट पर लैंड करेगा. बीएनपी ने उनके स्वागत के लिए लाखों समर्थकों के जुटने का दावा किया है और राजधानी में बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं. बीएनपी तारिक रहमान की वापसी को फरवरी 2026 में संभावित आम चुनावों से पहले एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि के रूप में देख रही है. पार्टी नेताओं का मानना है कि तारिक की मौजूदगी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी.
उस्मान हादी की मौत के बाद पूरे देश में हिंसा
गौरतलब है कि इससे पहले 19 दिसंबर को छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद पूरे देश में हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं. मौजूदा हालात ऐसे समय में और संवेदनशील हो गए हैं, जब भारत समर्थक अवामी लीग को चुनाव लड़ने से रोके जाने की खबरें हैं और पार्टी प्रमुख खालिदा जिया अस्पताल में भर्ती हैं. तारिक रहमान की वापसी भारत के लिहाज से भी बेहद अहम मानी जा रही है.
भारत के लिए कितना सही है रहमान की वापसी
अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में कट्टरपंथी इस्लामिस्ट गुटों के सक्रिय होने और भारत विरोधी बयानबाजी के बीच क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं. ऐसे नाजुक दौर में भारत बीएनपी को अपेक्षाकृत अधिक उदार और लोकतांत्रिक राजनीतिक विकल्प के रूप में देख रहा है. आने वाले दिनों में तारिक रहमान की भूमिका और बांग्लादेश की राजनीतिक दिशा पर पूरे क्षेत्र की नजरें टिकी रहेंगी.