Bihar politics : मशहूर बॉलीवुड सिंगर उदित नारायण की बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद सियासी हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. उदित नारायण बुधवार को पटना स्थित एक अणे मार्ग के मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां उन्होंने सीएम नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की.
मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर की साझा
खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा कीं, जिसके बाद इसके राजनीतिक मायने निकाले जाने लगे. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट में उदित नारायण के साथ हुई बैठक की तीन तस्वीरें साझा की हैं. इस दौरान जदयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे. हालांकि, इसे औपचारिक और शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है. वहीं, उदित नारायण ने बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा से भी मुलाकात की.
राज्य सरकार के कार्यों की सराहना
बिहार दौरे पर आए उदित नारायण ने मीडिया से बातचीत में राज्य सरकार के कार्यों की सराहना की. उन्होंने कहा कि पटना एयरपोर्ट पर उतरते ही उन्हें शहर का बदला हुआ स्वरूप नजर आया.उन्होंने कहा कि बिहार में काफी विकास हुआ है, सब कुछ देखकर अच्छा लगा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए उदित नारायण ने कहा कि 10वीं बार मुख्यमंत्री पद संभालना अपने आप में एक रिकॉर्ड है. उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के साथ मिलकर नीतीश कुमार ने कई अहम विकास कार्य किए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब डेढ़ साल बाद नीतीश कुमार और उदित नारायण की मुलाकात हुई है. इससे पहले अगस्त 2024 में पटना में आयोजित एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम के दौरान दोनों की भेंट हुई थी. उदित नारायण मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं. उनका पूरा नाम उदित नारायण झा है और वे मैथिली ब्राह्मण समुदाय से आते हैं. उनका पैतृक गांव सुपौल जिले के बैसी में स्थित है.
राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज
उदित नारायण की शुरुआती पढ़ाई बिहार के सुपौल में हुई, इसके बाद वे काठमांडू चले गए. वहां उन्होंने नेपाल रेडियो से अपने संगीत करियर की शुरुआत की. 1970 के दशक में वे रेडियो नेपाल पर स्टाफ सिंगर के तौर पर मैथिली, नेपाली और भोजपुरी गीत गाते थे. बाद में वे मुंबई आए और संगीत छात्रवृत्ति के तहत भारतीय विद्या भवन में शास्त्रीय संगीत की ट्रेनिंग ली. 1990 के दशक में उन्होंने बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक हिट गाने दिए और अपनी अलग पहचान बनाई. उदित नारायण की मुख्यमंत्री से मुलाकात को लेकर भले ही इसे शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा हो, लेकिन तस्वीरों के सार्वजनिक होते ही राजनीतिक गलियारों में उनके राजनीति में आने की अटकलें भी तेज हो गई हैं.