Water Sports Academy Bihar : बिहार में खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. राज्य की पहली वाटर स्पोर्ट्स अकादमी बांका जिले के ओढ़नी डैम में स्थापित की जाएगी. इसकी घोषणा बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने बिहार राज्य खेल प्राधिकरण में आयोजित समीक्षा बैठक के बाद की. खेल मंत्री ने कहा कि बिहार में वाटर स्पोर्ट्स के विकास की अपार संभावनाएं हैं और राज्य सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने बताया कि हाल ही में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और खेल मंत्री के साथ हुई बैठक में दोनों राज्यों के बीच खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास को लेकर आपसी सहयोग पर सहमति बनी है.
कनाडा के ओलंपियन जैक के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने किया निरीक्षण
वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के लिए उपयुक्त स्थल चयन को लेकर भोपाल स्थित इंडियन केनोइंग एंड क्याकिंग एसोसिएशन द्वारा एक विशेषज्ञ टीम बिहार भेजी गई थी. इस टीम का नेतृत्व कनाडा के ओलंपियन और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ मिस्टर जैक ने किया. टीम में मुख्य प्रशिक्षक प्रदीप नायडू और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नमिता भी शामिल थीं. विशेषज्ञ टीम ने तीन दिनों तक बिहार के चार प्रमुख डैमों का सघन सर्वेक्षण किया. इनमें सासाराम का दुर्गावती डैम, जमुई का गढ़ी डैम, बांका का ओढ़नी डैम और नवादा का हरदिया डैम शामिल थे.
ओढ़नी डैम वाटर स्पोर्ट्स के लिए सबसे उपयुक्त
सर्वेक्षण रिपोर्ट में बांका के ओढ़नी डैम को वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के लिए सबसे उपयुक्त स्थल बताया गया. ओलंपियन जैक ने कहा कि ओढ़नी डैम न केवल प्रशिक्षण के लिए आदर्श है, बल्कि यहां केनोइंग, क्याकिंग और रोइंग की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं भी सफलतापूर्वक आयोजित की जा सकती हैं. उन्होंने इसे दुनिया के बेहतरीन वाटर स्पोर्ट्स स्थलों में से एक करार दिया. खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने जानकारी दी कि फरवरी माह में मिस्टर जैक एक बार फिर बिहार आएंगे. इस दौरान वे राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन करेंगे और उन्हें विशेष प्रशिक्षण देंगे. साथ ही वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के लिए आवश्यक उपकरण, जेटी और अन्य बुनियादी ढांचे के निर्माण में तकनीकी सहयोग भी प्रदान करेंगे.
अंतरराष्ट्रीय मानकों की सुविधाएं होंगी उपलब्ध
प्रस्तावित वाटर स्पोर्ट्स अकादमी में खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इससे बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर राज्य और देश के लिए पदक जीत सकेंगे. वाटर स्पोर्ट्स वे खेल गतिविधियां हैं, जो जल निकायों पर की जाती हैं. इनमें गोताखोरी, सर्फिंग, वाटर पोलो, सिंक्रोनाइज्ड तैराकी, तैराकी, रोइंग, नौका दौड़, ड्रैगन बोट रेस और कयाकिंग जैसे खेल शामिल हैं.