MS Dhoni News : भारत की टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हाल ही में एक भावुक खुलासा किया है. उन्होंने कहा कि उनके करियर का सबसे बड़ा अफसोस यह है कि उन्हें कभी महान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में खेलने का मौका नहीं मिला. हालांकि, सूर्यकुमार यादव ने एमएस धोनी के खिलाफ जरूर क्रिकेट खेला है, लेकिन कभी उनके नेतृत्व में टीम का हिस्सा नहीं बन पाए.
धोनी को लेकर सूर्यकुमार यादव का बड़ा खुलासा
सूर्यकुमार यादव ने यह बयान जेआईटीओ कनेक्ट 2025 कार्यक्रम के दौरान दिया. उन्होंने कहा कि सबसे पहले मैं एमएस धोनी को याद करता हूं. जब वह भारत के कप्तान थे, तब मैं हमेशा टीम इंडिया में मौका पाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मुझे कभी अवसर नहीं मिला. जब भी मैंने उनके खिलाफ खेला, उन्हें स्टंप के पीछे देखा. उनका स्वभाव हमेशा शांत रहता था. सूर्या ने आगे कहा कि धोनी से उन्होंने दबाव में शांत रहने की कला सीखी.धोनी हर स्थिति को पहले ध्यान से देखते हैं, समझते हैं कि मैदान पर क्या हो रहा है और फिर फैसला लेते हैं. यह गुण मैंने उनसे सीखा है.
विराट कोहली की कप्तानी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू
सूर्यकुमार यादव ने 2021 में विराट कोहली की कप्तानी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था. उन्होंने विराट कोहली को लेकर कहा कि वह एक बेहद सख्त और ऊर्जावान कप्तान रहे हैं. विराट भाई बहुत हार्ड टास्क मास्टर हैं. वह खिलाड़ियों से उनकी सीमाओं से आगे जाकर प्रदर्शन की उम्मीद करते हैं. मैदान पर और मैदान के बाहर उनकी ऊर्जा अलग ही स्तर की होती थी. इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने रोहित शर्मा की कप्तानी की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा के नेतृत्व में उन्होंने आईपीएल फ्रेंचाइजी और भारतीय टीम दोनों के लिए काफी क्रिकेट खेला है. रोहित भाई ऐसे कप्तान हैं जो अपने आसपास के खिलाड़ियों को सहज महसूस कराते हैं. युवाओं के लिए वह बड़ी प्रेरणा हैं. उनका दरवाजा खिलाड़ियों के लिए हमेशा खुला रहता था. यह एक खास गुण है, जो मैंने उनसे सीखा.
2010 में घरेलू क्रिकेट में डेब्यू
गौरतलब है कि सूर्यकुमार यादव ने 2010 में घरेलू क्रिकेट में डेब्यू किया था. एक दशक से ज्यादा के इंतजार के बाद उन्हें भारतीय टीम में मौका मिला. डेब्यू के महज तीन साल के भीतर उन्होंने अपनी शानदार निरंतरता के दम पर टी20 टीम की कप्तानी हासिल कर ली. बावजूद इसके, धोनी की कप्तानी में न खेल पाने का मलाल उनके दिल में हमेशा रहेगा.