ज्योतिष के अनुसार बाल कटवाने का क्या है सही समय…किस दिन Hair Cut करने से दूर होती हैं परेशानियां?

Hair Cut According to Astrology : भारतीय संस्कृति और ज्योतिष शास्त्र में बालों को केवल सौंदर्य का हिस्सा नहीं, बल्कि व्यक्ति की ऊर्जा, विचार और मानसिक स्थिति से जुड़ा माना गया है. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, बालों में व्यक्ति की सकारात्मक और नकारात्मक ऊर्जा संचित होती है. सप्ताह के अलग-अलग दिनों में बाल कटवाने का अलग-अलग प्रभाव पड़ता है. ग्रहों की स्थिति के अनुसार सही दिन पर बाल कटवाना मानसिक तनाव कम करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और नकारात्मक प्रभावों से छुटकारा दिलाने में मदद कर सकता है. ऐसे में बाल कटवाने का दिन अगर सही हो, तो यह जीवन की कई समस्याओं से राहत दिला सकता है.

सोमवार… मानसिक तनाव से राहत

सोमवार का संबंध चंद्र ग्रह से माना जाता है, जो मन और भावनाओं का कारक है. ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि यदि व्यक्ति मानसिक तनाव, चिंता या भावनात्मक असंतुलन से जूझ रहा है, तो सोमवार को बाल कटवाना लाभकारी हो सकता है. इस दिन बाल कटवाने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और मानसिक शांति मिलती है.

बुधवार… बाधाओं से मुक्ति

बुधवार बुध ग्रह को समर्पित है, जो बुद्धि, वाणी और निर्णय क्षमता का प्रतीक माना जाता है. करियर, शिक्षा या व्यापार में रुकावटें झेल रहे लोगों के लिए बुधवार को बाल कटवाना शुभ माना गया है. इससे सोचने-समझने की क्षमता बेहतर होती है और जीवन की अड़चनों में कमी आती है.

शुक्रवार… सौंदर्य और आत्मविश्वास में वृद्धि

शुक्रवार का संबंध शुक्र ग्रह से है, जो प्रेम, सौंदर्य और ऐश्वर्य का कारक है. ज्योतिष के अनुसार, शुक्रवार को बाल कटवाने से व्यक्ति का आत्मविश्वास बढ़ता है, व्यक्तित्व में निखार आता है और आकर्षण में वृद्धि होती है. खासतौर पर फैशन, ग्लैमर और रचनात्मक क्षेत्रों से जुड़े लोगों के लिए यह दिन शुभ माना गया है.

शनिवार…शनि दोष से राहत

शनिवार शनि ग्रह को समर्पित होता है. शनि को न्याय और कर्म का ग्रह माना जाता है. यदि किसी व्यक्ति की कुंडली में शनि की साढ़ेसाती या ढैय्या चल रही हो, तो शनिवार को बाल कटवाना उसके नकारात्मक प्रभाव को कम कर सकता है. ज्योतिष के अनुसार, इस दिन बाल कटवाने से बाधाएं कम होती हैं और नकारात्मक ऊर्जा से मुक्ति मिलती है.

रविवार… भ्रम से मुक्ति और स्पष्टता

रविवार का संबंध सूर्य ग्रह से है, जो आत्मबल और नेतृत्व क्षमता का प्रतीक है. इस दिन बाल कटवाने से मानसिक भ्रम दूर होता है और व्यक्ति को निर्णय लेने में स्पष्टता मिलती है. हालांकि, कुछ परंपराओं में रविवार को बाल कटवाने से परहेज की भी सलाह दी जाती है, जिसे लेकर अलग-अलग मत हैं.

नोट : ये नियम सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. किसी भी बड़े निर्णय से पहले व्यक्ति को अपनी कुंडली और ग्रहों की स्थिति के अनुसार विशेषज्ञ की सलाह जरूर लेनी चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *