जमुई में बड़ा रेल हादसा… सीमेंट से लदी मालगाड़ी पटरी से उतरी, तीन डिब्बे पुल से गिरे

Jamui rail accident : बिहार के जमुई जिले में शनिवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया. दिल्ली–हावड़ा मुख्य रेल मार्ग के अंतर्गत आसनसोल रेल डिवीजन में टेलवा बाजार हॉल्ट के पास जसीडीह से झाझा की ओर जा रही सीमेंट से लदी मालगाड़ी के कई डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रात करीब 11:30 बजे हुई. हादसा पुल संख्या 676 और पोल संख्या 344/18 के पास हुआ, जहां मालगाड़ी के लगभग एक दर्जन डिब्बे पटरी से उतर गए. इनमें से तीन डिब्बे बरुआ नदी पर बने पुल से नीचे गिर गए, जबकि कई अन्य डिब्बे एक-दूसरे पर चढ़ गए. दुर्घटना के बाद मालगाड़ी में लदा सीमेंट बड़ी मात्रा में ट्रैक और आसपास के क्षेत्र में फैल गया. इस हादसे के चलते जसीडीह-झाझा रेलखंड की अप और डाउन दोनों लाइनें पूरी तरह ठप हो गईं. इससे दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और कई यात्री ट्रेनों के विलंबित या मार्ग परिवर्तित होने की आशंका जताई जा रही है.

किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस, आरपीएफ और रेलवे के तकनीकी कर्मी मौके पर पहुंच गए. राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि, रात का समय और घना कोहरा राहत एवं बहाली कार्य में बाधा बना हुआ है. बताया जा रहा है कि उच्च अधिकारी अभी तक घटनास्थल पर नहीं पहुंच सके हैं, जिसके कारण बड़े स्तर पर बहाली कार्य शुरू नहीं हो पाया है. रेलवे की ओर से दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. वहीं, ट्रैक बहाली के बाद ही इस व्यस्त रेल मार्ग पर यातायात सामान्य हो पाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *