Maithili Thakur controversy : कई बाकी चीजों की तरह राजनीति भी कोई जन्मजात गुण नहीं, बल्कि सीखने और साधने की प्रक्रिया है. सत्ता या कुर्सी की ताकत इस बात का आखिरी प्रमाण नहीं होता कि कोई व्यक्ति वास्तविक अर्थों में राजनीति का उम्दा खिलाड़ी है. कई बार सत्ता मिलना महज समय का संयोग होता है, जबकि राजनीति का मर्म उससे कहीं गहरा और दीर्घकालिक होता है. इतिहास ऐसे अनेक नेताओं से भरा पड़ा है, जिन्हें सत्ता का सुख कभी नहीं मिला, लेकिन उनकी राजनीति आज भी मिसाल के तौर पर याद की जाती है, तो कई किस्से इसके विपरीत भी है.
हालांकि इस सच्चाई से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि किसी राजनेता को जनता द्वारा चुन लिया जाना राजनीति का सर्वोच्च मानक है. अगर यह मानक हटा दिया जाए तो फिर राजनीति के उस उम्दा खिलाड़ी की परिभाषा ही अधूरी रह जाएगी. यदि जनता किसी राजनेता के इस परिचय पर मौन साध ले, तो उसकी राजनीति और राजनीतिक दावों की सार्थकता पर सवाल उठना तो स्वाभाविक है. मतलब की खुद को राजनीति का खिलाड़ी घोषित कर देना भर काफी नहीं होता.कहा जाता है कि हर चीज सिखाई नहीं जा सकती, लेकिन यह भी उतना ही सच है कि हर चीज सीखी जा सकती है. इसी सीखने की प्रक्रिया में खुद को इस विषय का विद्यार्थी मानते हुए राजनीति में कदम रखने वाली गायिका से राजनेता बनी मैथिली ठाकुर की यात्रा शुरू से ही विवादों से घिरी रही है. ऐसा लगता है जैसे विवाद और मैथिली एक-दूसरे के साथ कदमताल करते रहे हों. इसके बावजूद उन्होंने न सिर्फ चुनावी मैदान में जीत हासिल की, बल्कि पार्टी और विरोधी खेमे के पहले से स्थापित कई दिग्गज चेहरों को भी पीछे छोड़ दिया.
नतीजा चुनावी गणित हो या राजनीतिक भविष्यवाणी कई आकलनों में मैथिली 19 और 20 की लड़ाई में 21 साबित हो रही हैं.दरअसल राजनीति और विवाद का रिश्ता भी कुछ ऐसा ही है, अगर कोई राजनेता विवादों से पूरी तरह दूरी बना ले, तो अक्सर यह मान लिया जाता है कि शायद राजनीति उसके बस की बात नहीं. मैथिली के लिए राजनीति भले ही नई हो, लेकिन दांव-पेंच लगाना उन्हें शायद पहले से आता है. तभी तो जब उनके अपने इलाके में विवाद उनका पीछा कर रहे हैं, मैथिली किसी दूरस्थ मंच पर संगीत और कार्यक्रमों में व्यस्त दिखाई दे रही हैं. वह यह भली-भांति समझती हैं कि एक राजनेता के तौर पर उनका दिखना या न दिखना उतना महत्वपूर्ण न भी हो, लेकिन उनका नाम चर्चा में बना रहना बेहद जरूरी है.
दरभंगा के अलीनगर विधानसभा की विधायिका मैथिली ठाकुर फिलहाल पुणे दौरे पर हैं. जहां वह एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंची हैं. लेकिन इससे पहले वो बीते दिनों अपने क्षेत्र में एक विकास कार्य का शिलान्यास भी कर चुकी है. यानी चुनावी समर में जैसा उन्होंने कहा था ठीक उसी तरह की रणनीति अपनाती दिख रही है. इन सब के बीच मैथिली भाषा का एक प्रतिष्ठित डिजिटल समाचार चैनल को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. खबर है कि यह चैनल एक कानूनी पचड़े में फंस गया है और कथित तौर पर अस्थायी रूप से बंद हो चुका है. दावा किया जा रहा है कि यूट्यूब की ओर से एक के बाद एक तीन कॉपीराइट स्ट्राइक भेजे जाने के बाद चैनल को बंद कर दिया गया. मीडिया रिपोर्ट की मानें तो यह स्ट्राइक करीब नौ साल पहले अपलोड किए गए एक वीडियो को लेकर आई है, जिसके बाद से चैनल अनुपलब्ध है. इस पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं. आरोप यह भी हैं कि चैनल के संपादक और मैथिली ठाकुर के बीच पहले से चले आ रहे आपसी मतभेदों का यह नतीजा है और बदले की भावना में यह कार्रवाई हुई.
इन तमाम विवादों और सवालों के बीच एक दिलचस्प दृश्य पुणे एयरपोर्ट पर देखने को मिला, जब कोंढवा महोत्सव में भाग लेने पहुंची मैथिली ठाकुर अपने हाथ में के.एन. कुमार की किताब “Political Parties in India: Their Organization and Ideology” लिए नजर आई. सुरों की दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना चुकी मैथिली ना सिर्फ राजनीति की ककहरा सीख रही है बल्कि कथित तौर पर अभ्यास भी कर रही है. शायद मैथिली यह समझ रही हैं कि यह तो अभी सिर्फ शुरुआत है. विवादों के बीच जिस तरह से मैथिली ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआती बाजी जीती है, उसे देखकर यह कहा जा सकता है कि उन्हें इस बात का आभास हो चुका है कि वह लंबी रेस की तैयारी में हैं. भले ही राजनीति उनके लिए नई हो, भले ही अनुभव की कमी हो लेकिन नया और पुराना क्या होता है? राजनीति भी सीखी जा सकती है, और शायद मैथिली ठाकुर उसी सीख की प्रक्रिया में आगे बढ़ चुकी हैं.