Cricket news : भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर की टेस्ट कोचिंग को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने विराम लगा दिया है. बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने साफ शब्दों में कहा है कि गौतम गंभीर को रेड-बॉल (टेस्ट) टीम के कोच पद से हटाने को लेकर न तो कोई चर्चा हुई है और न ही किसी अन्य कोच से संपर्क किया गया है. उन्होंने ऐसी सभी खबरों को पूरी तरह अफवाह करार दिया है.
सवालों के घेरे में भारतीय टीम का हालिया प्रदर्शन
दरअसल, गौतम गंभीर की कोचिंग में टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम का हालिया प्रदर्शन सवालों के घेरे में रहा है. हाल ही में भारत को अपने घरेलू मैदान पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-2 से करारी हार का सामना करना पड़ा. इससे पहले पिछले साल न्यूजीलैंड ने भी भारत को घर में ही 0-3 से क्लीन स्वीप किया था. इन नतीजों के बाद गंभीर की कोचिंग शैली और भविष्य को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया में चर्चाएं तेज हो गई थीं.
2027 के वनडे वर्ल्ड कप तक गौतम गंभीर का कॉन्ट्रैक्ट
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि यदि 2026 के टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता है, तो गंभीर के कॉन्ट्रैक्ट पर दोबारा विचार किया जा सकता है. फिलहाल गौतम गंभीर का कॉन्ट्रैक्ट 2027 के वनडे वर्ल्ड कप तक है.
ये भी पढ़ें : गिल के बाद अब इस खिलाड़ी का कटने वाला है पत्ता…न्यूजीलैंड सीरीज से पहले भारतीय वनडे टीम में बड़े बदलाव के संकेत
BCCI ने क्या कहा
इन अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि गौतम गंभीर की टेस्ट कोचिंग को लेकर न तो कोई बातचीत हुई है और न ही किसी दूसरे कोच से संपर्क किया गया है. ऐसी सभी बातें केवल अफवाहें हैं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गंभीर अपने मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट के तहत टीम इंडिया के साथ काम करते रहेंगे और कोचिंग स्टाफ में किसी तरह के बदलाव को लेकर बोर्ड की ओर से फिलहाल कोई योजना नहीं है. सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में गंभीर के रिप्लेसमेंट को लेकर जो चर्चाएं चल रही हैं, उनका कोई आधार नहीं है.
टीम के कोचिंग के लिए वीवीएस लक्ष्मण से संपर्क
इससे पहले मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हार के बाद बीसीसीआई के एक अधिकारी ने अनौपचारिक रूप से वीवीएस लक्ष्मण से संपर्क किया था, ताकि यह जाना जा सके कि वह टेस्ट टीम की कोचिंग में रुचि रखते हैं या नहीं. हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि लक्ष्मण अपनी मौजूदा जिम्मेदारी से संतुष्ट हैं. फिलहाल वीवीएस लक्ष्मण बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हेड ऑफ क्रिकेट की भूमिका निभा रहे हैं.