अब दिन में रेल टिकट बुक करने के लिए करना होगा ये काम…रिजर्वेशन पर भी नया कानून, क्या है रेलवे का नया नियम ?

IRCTC ticket booking rules : भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग को लेकर बड़ा बदलाव किया है. अब IRCTC से ऑनलाइन रेल टिकट बुक कराने के लिए आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है. रेलवे का कहना है कि इस फैसले का मकसद फर्जी अकाउंट, दलाली और टिकटों की कालाबाजारी पर रोक लगाना है, ताकि आम यात्रियों को आसानी से कन्फर्म टिकट मिल सके. रेलवे के नए नियम खासतौर पर Advance Reservation Period (ARP) यानी एडवांस बुकिंग की शुरुआती अवधि में लागू होंगे. बिना आधार से लिंक IRCTC अकाउंट के यात्री अब इस दौरान ऑनलाइन टिकट बुक नहीं कर पाएंगे.

तीन चरणों में लागू होगा नया नियम

रेलवे ने आधार वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को तीन चरणों में लागू करने का फैसला किया है.

  • पहला चरण: 29 दिसंबर 2025 से

इस तारीख से केवल सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक वही यात्री ऑनलाइन टिकट बुक कर पाएंगे, जिनका IRCTC अकाउंट आधार से वेरीफाइड होगा.

  • दूसरा चरण: 5 जनवरी 2026 से

इस चरण में आधार-वेरीफाइड यूजर्स के लिए बुकिंग का समय बढ़ाकर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कर दिया जाएगा.

  • तीसरा चरण: 12 जनवरी 2026 से

इसके बाद पूरे दिन यानी सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक केवल आधार-लिंक्ड IRCTC अकाउंट से ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग की अनुमति होगी.

पढ़ें देश दुनिया दूसरी बड़ी खबरें 

किन पर लागू होगा नियम और किन पर नहीं

रेलवे ने साफ किया है कि यह नियम सिर्फ ऑनलाइन टिकट बुकिंग (IRCTC वेबसाइट और मोबाइल ऐप) पर लागू होगा. रेलवे काउंटर (PRS) से टिकट लेने वाले यात्रियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा.

क्यों लिया गया यह फैसला?

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में फर्जी और ऑटोमेटेड IRCTC अकाउंट्स के जरिए बड़ी संख्या में टिकट बुक किए जा रहे थे. रेलवे का दावा है कि अब तक करीब 3 करोड़ फर्जी IRCTC अकाउंट बंद किए जा चुके हैं, लेकिन समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. आधार वेरिफिकेशन से यह सुनिश्चित होगा कि एक व्यक्ति कई फर्जी अकाउंट न बना सके, दलाल और बॉट्स टिकट बुक न कर पाएं और असली यात्रियों को समय पर टिकट मिल सके. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने IRCTC अकाउंट को आधार से लिंक करा लें, ताकि नए नियम लागू होने के बाद टिकट बुकिंग में किसी तरह की परेशानी न हो.

ये भी पढ़ें : नए साल में रेल यात्रियों पर बढ़ेगा खर्च… 26 दिसंबर से लागू होंगी नई किराया दरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *