नीतीश कुमार पर कितना कर्ज…मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक किया संपत्ति का पूरा ब्योरा

Nitish Kumar property : साल 2025 के अंतिम दिन बिहार की राजनीति में पारदर्शिता की एक अहम पहल देखने को मिली, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत उनकी सरकार के सभी मंत्रियों ने अपनी चल और अचल संपत्ति का विवरण सार्वजनिक किया. कैबिनेट सचिवालय विभाग की ओर से जारी इस आधिकारिक घोषणा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की संपत्ति, बैंक खातों, वाहन, आभूषण और देनदारियों की विस्तृत जानकारी साझा की गई है.

नकद और बैंक खातों में सीमित राशि

घोषित विवरण के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास कुल 20 हजार 552 रुपये नकद हैं. उनके नाम कुल तीन बैंक खाते दर्ज हैं. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की पटना सचिवालय शाखा में उनके खाते में 27 हजार 217 रुपये जमा हैं. इसके अलावा एसबीआई की पार्लियामेंट्री हाउस, नई दिल्ली शाखा में उनके खाते में 3 हजार 358 रुपये मौजूद हैं. वहीं, पंजाब नेशनल बैंक की बोरिंग रोड शाखा में उनके खाते में 27 हजार 191 रुपये जमा बताए गए हैं.

2015 मॉडल फोर्ड इकोस्पोर्ट कार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास एक निजी वाहन है. उनके नाम 2015 मॉडल की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार दर्ज है, जिसकी घोषित कीमत 11 लाख 32 हजार 753 रुपये बताई गई है. इसके अलावा उनके पास करीब 2 लाख 3 हजार रुपये मूल्य के आभूषण हैं, जिनमें दो सोने की अंगूठियां और एक मोती जड़ी चांदी की अंगूठी शामिल है. घरेलू उपयोग की वस्तुओं और अन्य सामानों को जोड़कर मुख्यमंत्री की कुल चल संपत्ति 17 लाख 66 हजार 196 रुपये आंकी गई है.

बिहार की दूसरी बड़ी खबरें देखने के लिए यहां क्लिक करें

कृषि या व्यावसायिक भूमि नहीं

अचल संपत्ति के मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम कोई कृषि भूमि, गैर-कृषि भूमि या व्यावसायिक संपत्ति दर्ज नहीं है. हालांकि, उनके पास दिल्ली के द्वारका स्थित संसद विहार कोऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी में एक आवासीय फ्लैट है. यह फ्लैट ए-305 नंबर का है, जिसका क्षेत्रफल करीब एक हजार वर्ग फुट बताया गया है. मुख्यमंत्री ने यह फ्लैट 23 अप्रैल 2004 को खरीदा था, उस समय इसकी कीमत 13 लाख 78 हजार 330 रुपये थी. वर्तमान समय में इस फ्लैट का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1 करोड़ 48 लाख रुपये आंका गया है.

ये भी पढ़ें : बिहार में सरकारी आवास पर सियासत जारी…अब राजद ने जदयू के खिलाफ खोला मोर्चा

न कर्ज, न किसी तरह का बकाया

घोषणा में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर किसी भी बैंक, वित्तीय संस्था या व्यक्ति का कोई कर्ज नहीं है. उनके ऊपर आयकर, संपत्ति कर, बिजली-पानी बिल या किसी भी तरह का सरकारी बकाया भी दर्ज नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *