Begusarai Crime News : बिहार के बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है. प्रेमी से बातचीत करने से रोके जाने और मोबाइल छीने जाने से नाराज एक महिला ने अपने ही तीन साल के मासूम बेटे को जहर खिला दिया. इसके बाद उसने खुद भी जहर खा लिया. इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है. उसका इलाज पुलिस हिरासत में सदर अस्पताल में चल रहा है.
क्या है पूरा मामला
यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सूजा शांति नगर की है. मृत बच्चे की पहचान तीन वर्षीय देवराज के रूप में हुई है. वहीं आरोपी महिला 21 वर्षीय आशा देवी है, जो गोरेलाल साह की पत्नी बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मां-बेटे को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया. परिजनों के अनुसार, गोरेलाल साह की शादी आशा देवी से जून 2021 में हुई थी. शादी के कुछ समय बाद आशा देवी की सोशल मीडिया के जरिए एक युवक से दोस्ती हो गई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई. जब इसकी जानकारी परिवार को हुई तो उन्होंने आशा देवी को समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता गया. आरोप है कि परिवार वालों ने उसे डांटा, मारपीट की और उसका मोबाइल भी छीन लिया. इसके बावजूद आशा देवी कथित तौर पर एक छोटे मोबाइल के जरिए उस युवक से बातचीत करती रही.
पढ़िए क्राइम की दूसरी बड़ी खबरें
बताया जा रहा है कि इसी बीच पति काम के सिलसिले में बाहर चला गया था, जिससे परिवार में तनाव और बढ़ गया. मंगलवार की शाम, नए साल को लेकर आशा देवी ने अपने पति से रुपये और एक बड़ा मोबाइल फोन मांगा. पति ने इनकार करते हुए उसे उस युवक से बातचीत बंद करने को कहा. इस बात पर आशा देवी काफी नाराज हो गई. परिवार वालों ने भी उसे फटकार लगाई और मोबाइल इस्तेमाल से रोक दिया. आरोप है कि इसी गुस्से में आकर आशा देवी ने घर में रखी चूहा मारने की दवा पहले अपने बेटे देवराज को खिला दी और फिर खुद भी वही जहर खा लिया. कुछ देर बाद दोनों की हालत बिगड़ने पर परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी.
पुलिस कर रही मामले की जांच
अस्पताल में होश में आने के बाद आशा देवी ने पुलिस को बताया कि उसकी एक युवक राजाराम से दोस्ती थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध था. उसने यह भी स्वीकार किया कि पति द्वारा मारपीट और मोबाइल छीने जाने के बावजूद वह छोटे मोबाइल से उस युवक से बातचीत करती रही. घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था. महिला के अनुसार, जब उसने पति से बात की तो उसने कहा ,जो मन है करो. इलाज के दौरान तीन वर्षीय देवराज की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है. सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग और मोबाइल को लेकर विवाद की बात सामने आई है. बच्चे की मौत हो चुकी है और महिला का इलाज जारी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.