Bihar education News : बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित शिक्षक नियुक्ति परीक्षा का नोटिफिकेशन (TRE-4 notification) फरवरी 2026 में जारी होने की पूरी संभावना है।
37 जिलों से शिक्षक पदों की रिक्तियों का ब्योरा
शिक्षा विभाग को राज्य के 37 जिलों से शिक्षक पदों की रिक्तियों का ब्योरा मिल चुका है, जबकि केवल पश्चिम चंपारण जिले से आंकड़े आना शेष हैं। मीडिया सूत्रों के अनुसार, सभी जिलों से रिक्तियों का अंतिम डेटा मिलने के बाद उसे सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से आरक्षण रोस्टर के अनुसार संकलित कर BPSC को भेजा जाएगा। इसके बाद आयोग द्वारा आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा।
25 हजार से अधिक पदों पर बहाली संभव
बिहार सरकार में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार पहले ही संकेत दे चुके हैं कि TRE-4 के तहत कम से कम 25 हजार शिक्षक पदों पर बहाली की जाएगी। इसमें प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक पद शामिल होंगे। कुछ आकलनों के मुताबिक कुल रिक्तियों की संख्या 25 से 27 हजार तक पहुंच सकती है।
फरवरी के अंत तक नोटिफिकेशन की उम्मीद
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद BPSC को नोटिफिकेशन जारी करने में करीब एक माह का समय लग सकता है। ऐसे में फरवरी के अंत तक TRE-4 का विज्ञापन जारी होने की संभावना जताई जा रही है।
आवेदन के लिए मिलेगा एक माह का समय
नोटिफिकेशन जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन के लिए लगभग एक महीने का समय दिया जाएगा। परीक्षा की तिथि, सिलेबस और चयन प्रक्रिया से जुड़ी पूरी जानकारी आधिकारिक विज्ञापन में स्पष्ट की जाएगी।
STET अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
खास बात यह है कि कक्षा 9 से 12 के लिए STET का रिजल्ट भी जल्द जारी होने वाला है, जिससे बड़ी संख्या में नए अभ्यर्थी TRE-4 में आवेदन के लिए पात्र हो जाएंगे।
बिहार के अभ्यर्थियों को मिलेगा बड़ा लाभ
TRE-4 में लगभग 85 प्रतिशत सीटें बिहार के मूल निवासियों के लिए आरक्षित रहेंगी, जबकि 15 प्रतिशत सीटों पर अन्य राज्यों के योग्य अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा महिला उम्मीदवारों को आरक्षण का विशेष लाभ भी मिलेगा।