20 से 25 हजार में लड़कियां… भाजपा नेता के पति द्वारा बिहार की लड़कियों पर टिप्पणी को लेकर बवाल मामले में अब तक क्या हुआ? 

Bihar girl controversy : उत्तराखंड सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के एक बयान को लेकर सियासी घमासान मच गया है। साहू पर आरोप है कि उन्होंने बिहार की लड़कियों को लेकर आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की। इस बयान के बाद बिहार में सत्तारूढ़ NDA और विपक्षी दलों ने एक सुर में नाराज़गी जताई है।

क्या है मामला

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में गिरधारी लाल साहू कथित तौर पर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि बिहार में 20 से 25 हजार रुपये में शादी के लिए लड़कियां मिल जाती हैं। बताया जा रहा कि यह बयान उत्तराखंड के अल्मोड़ा में एक भाजपा कार्यक्रम के दौरान दियब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बिहार महिला आयोग ने लिया संज्ञान

बयान सामने आने के बाद बिहार राज्य महिला आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए साहू को नोटिस जारी किया है। आयोग का कहना है कि यह बयान न सिर्फ महिलाओं का अपमान करता है, बल्कि पूरे बिहार को नीचा दिखाने वाला है।

मामले को लेकर NDA और विपक्ष की राजनीति

इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में सवाल उठ रहे हैं कि महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की बात करने वाले नेताओं से जुड़े लोग इस तरह की भाषा कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं। बिहार की सत्ताधारी पार्टी जदयू ने इस बयान को महिलाओं के खिलाफ और बिहार के सम्मान पर हमला बताया है। वहीं, भाजपा ने भी साहू के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण और असंवेदनशील करार दिया है। विपक्षी राजद (RJD) ने बयान को लेकर भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि यह सोच महिलाओं और बिहार के प्रति घृणास्पद मानसिकता को दर्शाती है। राजद नेताओं ने मांग की कि सिर्फ माफी नहीं, बल्कि कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

साहू ने मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद गिरधारी लाल साहू ने अपने बयान के लिए माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनका किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था और बात को गलत तरीके से लिया गया। हालांकि, इस पूरे मामले पर अब तक मंत्री रेखा आर्या की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *