सेब के साथ सेंधा नमक कॉम्बिनेशन…हेल्थ बूस्टर हो सकता है ये साधारण स्नैक!

Health tips : सेब को सेहत के लिए सबसे फायदेमंद फलों में गिना जाता है, लेकिन अगर इसमें एक चुटकी सेंधा नमक या हिमालयन पिंक सॉल्ट मिला दिया जाए, तो यह साधारण फल एक पावरफुल हेल्थ स्नैक में बदल जाता है. न्यूट्रिशनिस्ट्स और हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, यह कॉम्बिनेशन न सिर्फ स्वाद बढ़ाता है बल्कि शरीर को तुरंत ऊर्जा देने के साथ कई जरूरी पोषक तत्व भी प्रदान करता है.

कब खाना चाहिए सेब

हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि सेब में मौजूद नेचुरल शुगर शरीर को तुरंत एनर्जी देती है, जो तेजी से अवशोषित होकर थकान दूर करने में मदद करती है. यही वजह है कि वर्कआउट से पहले या दोपहर के स्नैक के तौर पर सेब एक बेहतरीन विकल्प माना जाता है. वहीं, जब सेब पर हल्का सा सेंधा नमक या गुलाबी नमक छिड़का जाता है, तो उसकी मिठास और भी निखर जाती है, क्योंकि नमक जीभ पर मौजूद कड़वाहट को दबाकर स्वीटनेस को उभारता है. न्यूट्रिशनिस्ट्स के मुताबिक, इस कॉम्बिनेशन का एक बड़ा फायदा इलेक्ट्रोलाइट सपोर्ट भी है. सेंधा नमक और हिमालयन पिंक सॉल्ट में सोडियम के साथ-साथ पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे ट्रेस मिनरल्स पाए जाते हैं, जो गर्मी या एक्सरसाइज के दौरान शरीर में फ्लूइड बैलेंस बनाए रखने में मदद करते हैं. सोडियम मांसपेशियों की एक्टिविटी को सपोर्ट करता है और डिहाइड्रेशन से बचाव करता है.

फाइबर से भरपूर होता है सेब

विशेषज्ञ बताते हैं कि सेब फाइबर से भरपूर होता है, जो पाचन को बेहतर बनाता है. वहीं नमक मिलाने से पाचन एंजाइम्स सक्रिय होते हैं, जिससे ब्लोटिंग कम होती है और गट हेल्थ में सुधार होता है. इसके अलावा, यह एसिडिटी की समस्या में भी राहत पहुंचाता है, क्योंकि नमक एसिडिक फूड को न्यूट्रलाइज करने में मदद करता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह एक आसान घरेलू तरीका है, जिसमें किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं होती. सेब को धोकर स्लाइस करें और ऊपर हल्की सी मात्रा में सेंधा नमक या पिंक सॉल्ट छिड़क दें. हालांकि, उन्होंने यह भी सलाह दी है कि नमक की मात्रा सीमित रखें. डॉक्टर्स और न्यूट्रिशनिस्ट्स के मुताबिक, यह हेल्दी स्नैक बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए फायदेमंद है और रोजमर्रा की डाइट में आसानी से शामिल किया जा सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *