भारत में कितनी है बेरोजगारों की संख्या…सांख्यिकी मंत्रालय के आकड़ों में शहरी या ग्रामीण कहां है अधिक बेरोजगारी

Unemployment rate in bihar : देश में बेरोजगारी दर में दिसंबर 2025 के दौरान हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 15 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग में बेरोजगारी दर दिसंबर में 4.8 प्रतिशत रही, जो नवंबर 2025 में 4.7 प्रतिशत थी.

दिसंबर 2025 में दर बढ़कर 4.8% हुई

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर 3.9 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि शहरी इलाकों में यह दर अधिक रही और 6.7 प्रतिशत पर पहुंच गई. ग्रामीण इलाकों में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के पुरुषों में बेरोजगारी दर दिसंबर 2025 में 4.1 प्रतिशत पर स्थिर बनी रही. वहीं, शहरी क्षेत्रों में महिलाओं की बेरोजगारी दर में मामूली सुधार देखने को मिला और यह नवंबर 2025 के 9.3 प्रतिशत से घटकर दिसंबर में 9.1 प्रतिशत हो गई.

श्रम बल सहभागिता दर में सुधार

मंत्रालय के अनुसार, 15 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के व्यक्तियों की समग्र श्रम बल सहभागिता दर (एलएफपीआर) दिसंबर में बढ़कर 56.1 प्रतिशत हो गई, जबकि नवंबर में यह 55.8 प्रतिशत थी. ग्रामीण क्षेत्रों में एलएफपीआर दिसंबर 2025 में 59.0 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो नवंबर में 58.6 प्रतिशत थी. हालांकि शहरी इलाकों में इस दौरान मामूली गिरावट दर्ज की गई और एलएफपीआर 50.4 प्रतिशत से घटकर 50.2 प्रतिशत हो गई. महिलाओं की श्रम बल भागीदारी में भी हल्का सुधार देखने को मिला है. 15 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं की समग्र श्रम बल भागीदारी नवंबर 2025 में 35.1 प्रतिशत से बढ़कर दिसंबर में 35.3 प्रतिशत हो गई. ग्रामीण इलाकों में यह 39.7 प्रतिशत से बढ़कर 40.1 प्रतिशत हो गई, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 25.5 प्रतिशत से घटकर 25.3 प्रतिशत रह गई.

श्रमिक जनसंख्या अनुपात में भी सुधार

दिसंबर 2025 में श्रमिक जनसंख्या अनुपात (डब्ल्यूपीआर) में भी क्रमिक सुधार देखा गया. ग्रामीण पुरुषों में डब्ल्यूपीआर नवंबर 2025 के 75.4 प्रतिशत से बढ़कर दिसंबर 2025 में 76.0 प्रतिशत हो गया. वहीं शहरी पुरुषों में यह 70.9 प्रतिशत से घटकर 70.4 प्रतिशत रहा, जिससे कुल पुरुष डब्ल्यूपीआर 74.1 प्रतिशत दर्ज किया गया. सरकार का कहना है कि रोजगार के अवसर बढ़ाने और श्रम बाजार को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आने वाले महीनों में रोजगार के आंकड़ों में और सुधार देखने को मिल सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *