बिहार में नौकरी के लिए अब युवाओं को नहीं लगाने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर…सरकार के इस प्लान से एक करोड़ लोगों को मिलेगा काम

sarkari naukri vacancy : बिहार सरकार ने राज्य के युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है. सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार और नौकरी देने का लक्ष्य तय किया है. इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए राज्य में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग का गठन किया गया है. सरकार का साफ कहना है कि यह विभाग केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि रोजगार से जुड़ी हर व्यवस्था की सीधी जिम्मेदारी इसी विभाग के पास होगी. युवाओं को नौकरी से जोड़ने की पूरी प्रक्रिया को आसान, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए एक आधुनिक ई-पोर्टल भी विकसित किया जाएगा.

ई-पोर्टल से मिलेगी नौकरी की पूरी जानकारी

विभाग के कामकाज को और मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार ने 147 नए पदों के सृजन को मंजूरी दे दी है. मंत्रिमंडल की स्वीकृति के बाद इन पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और युवाओं से जुड़े मामलों पर बेहतर तरीके से काम हो सकेगा. सरकार का मानना है कि नए पदों के सृजन से विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और रोजगार से जुड़ी योजनाओं को जमीन पर उतारने में मदद मिलेगी. विभाग का सबसे अहम काम एक विशेष ई-पोर्टल का संचालन होगा. इस पोर्टल पर युवा अपनी शैक्षणिक योग्यता और कौशल के अनुसार नौकरी की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे. यहां से वे ऑनलाइन आवेदन भी कर पाएंगे. इस व्यवस्था से युवाओं को अलग-अलग विभागों और दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. पूरी प्रक्रिया डिजिटल, पारदर्शी और सरल होगी.

बिहार की दूसरी बड़ी खबरें देखने के लिए यहां क्लिक करें

हर जिले में लगेंगे रोजगार मेले

सरकार ने राज्य के हर जिले में रोजगार मेलों के आयोजन का भी फैसला लिया है. इन मेलों में सरकारी संस्थानों के साथ-साथ निजी कंपनियां भी हिस्सा लेंगी. कंपनियों के प्रतिनिधि सीधे युवाओं से बातचीत करेंगे और योग्य उम्मीदवारों को मौके पर ही नौकरी के अवसर मिल सकेंगे. इससे युवाओं को रोजगार मिलने की प्रक्रिया और तेज होगी और उन्हें अपने जिले में ही नौकरी के बेहतर विकल्प मिलेंगे. नया विभाग निजी कंपनियों, उद्योगों और एमएसएमई इकाइयों के साथ लगातार संपर्क में रहेगा. इसका मकसद राज्य में अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना है.

पलायन पर लगेगी रोक आत्मनिर्भर बनेंगे युवा

सरकार का मानना है कि इससे न सिर्फ युवाओं को नौकरी मिलेगी, बल्कि राज्य की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी. सरकार का दावा है कि इस पहल से बिहार के युवा आत्मनिर्भर बनेंगे और उन्हें अपने राज्य में ही बेहतर अवसर मिलेंगे. रोजगार के लिए होने वाले पलायन पर भी रोक लगेगी. आने वाले दिनों में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग से राज्य के युवाओं को बड़ी उम्मीदें हैं. सरकार इसे बिहार के विकास की दिशा में एक अहम कदम बता रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *