2 फरवरी से 27 फरवरी तक चलेगा विधानसभा-परिषद का बजट सत्र…इस तारीख को पेश होगा सरकार का पहला पूर्णकालिक बजट

Bihar budget 2026 : बिहार विधानसभा और विधान परिषद के बजट सत्र 2026 का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है. आगामी बजट सत्र की शुरुआत 2 फरवरी से होगी और यह 27 फरवरी तक चलेगा. इस दौरान राज्य की नीतीश कुमार सरकार आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी. वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव मंगलवार 3 फरवरी को विधानसभा में बजट भाषण पढ़ेंगे. यह नीतीश कुमार के नेतृत्व में गठित नई सरकार का पहला पूर्णकालिक बजट होगा, जिस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी.

3 फरवरी को वित्त मंत्री पेश करेंगे बजट

विधान परिषद सचिवालय से मिली जानकारी के अनुसार, बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों की बैठक 2 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू होगी. इसी दिन सरकार की ओर से आर्थिक सर्वेक्षण सदन में पेश किया जाएगा. इसके बाद 3 फरवरी को वित्त मंत्री बजट पेश करेंगे और राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा भी होगी. बजट सत्र के दौरान कुल 19 दिन दोनों सदनों की बैठक होगी. शनिवार, रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाश के दिनों में सदन की कार्यवाही नहीं चलेगी.

बिहार की दूसरी बड़ी खबरें देखने के लिए यहां क्लिक करें

सरकार को इन मुद्दों पर घेरने की तैयारी

गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के कार्यक्रम को मंजूरी दी गई थी. इसके बाद यह प्रस्ताव राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को भेजा गया था. राजभवन से स्वीकृति मिलने के बाद विधान परिषद सचिवालय की ओर से इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई. राज्य सरकार के इस बजट से विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई अहम ऐलानों की उम्मीद की जा रही है. विपक्ष भी सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति तैयार कर रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *