मुसलमान अब सिर्फ दरी नहीं बिछाएगा…मुस्लिम युवाओं के बदलते वोटिंग ट्रेंड से किसका होगा नुकसान

Muslim Politics : बिहार के सीमांचल से लेकर महाराष्ट्र के शहरी इलाकों तक असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) का बढ़ता प्रभाव देश की राजनीति में नए संकेत दे रहा है. हालिया चुनावों में AIMIM के प्रदर्शन ने न सिर्फ क्षेत्रीय समीकरण बदले हैं, बल्कि खुद को सेक्युलर कहने वाली परंपरागत पार्टियों के लिए यह एक बड़ी सियासी चुनौती बनकर उभरा है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुस्लिम युवाओं के वोटिंग पैटर्न में आ रहा बदलाव इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह है. विश्लेषकों की मानें तो ओवैसी का नारा मुसलमान अब सिर्फ दरी नहीं बिछाएगा अब केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब जमीनी राजनीति में असर दिखाने लगा है.

बिहार में सीमांचल बना AIMIM का मजबूत गढ़

बिहार विधानसभा चुनावों में सीमांचल क्षेत्र में AIMIM ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया. किशनगंज, अररिया, कटिहार और पूर्णिया जैसे मुस्लिम बहुल जिलों में पार्टी ने कई सीटों पर जीत दर्ज कर मुख्यधारा की पार्टियों को चौंका दिया. राजनीतिक तौर पर सीमांचल लंबे समय तक आरजेडी और कांग्रेस का परंपरागत वोट बैंक माना जाता रहा है, लेकिन बीते कई चुनाव से यहां AIMIM ने खुद को एक स्वतंत्र और प्रभावी विकल्प के तौर पर स्थापित किया है. स्थानीय मुस्लिम मतदाताओं का कहना है कि अब वे केवल कम नुकसान वाले विकल्प के बजाय अपने समुदाय की सीधी राजनीतिक भागीदारी चाहते हैं. यही वजह है कि AIMIM को एक मजबूत नेतृत्व विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है.

महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों में बड़ा विस्तार

महाराष्ट्र के हालिया नगर निगम और स्थानीय निकाय चुनावों में AIMIM ने बड़ी छलांग लगाई है. मालेगांव, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद), धुले और भिवंडी जैसे इलाकों में पार्टी ने दर्जनों वार्डों में जीत हासिल की. मालेगांव में AIMIM सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि छत्रपति संभाजीनगर में पार्टी की सीटों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई. मुंबई जैसे महानगरों में भी AIMIM ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है. इन नतीजों ने समाजवादी पार्टी, एनसीपी और कांग्रेस जैसी पार्टियों की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जो अब तक मुस्लिम वोट बैंक पर मजबूत पकड़ का दावा करती रही हैं.

मुस्लिम युवाओं में क्यों बढ़ रहा AIMIM का आकर्षण?

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक मुस्लिम युवाओं में जो बड़े कारण AIMIM को समर्थन दिला रहे हैं. उसमें युवा मतदाता चाहते हैं कि उनकी समस्याएं सीधे उनके प्रतिनिधि संसद और विधानसभा तक पहुंचें. इसके साथ-साथ ओवैसी का आक्रामक और मुद्दा-आधारित नेतृत्व भी युवाओं को आकर्षित कर रहा है. इससे अलग सबसे महत्वपुर्ण बात यह है कि कई इलाकों में मुस्लिम समुदाय का मानना है कि दूसरे दलों द्वारा उन्हें सिर्फ चुनाव के समय याद किया जाता है. इसलिए भी AIMIM उनका मजबूत बिकल्प बन रहा हैं.

सेक्युलर पार्टियों के लिए खतरे की घंटी

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि AIMIM का उभार सिर्फ एक पार्टी की सफलता नहीं, बल्कि यह मुस्लिम राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत है. अब मुस्लिम मतदाता केवल बीजेपी को रोकने की रणनीति के तहत वोट नहीं दे रहा, बल्कि वह अपनी राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व को लेकर ज्यादा सजग हो चुका है. यह बदलाव कांग्रेस, आरजेडी, एनसीपी और समाजवादी पार्टी जैसी पार्टियों के लिए गंभीर चेतावनी माना जा रहा है, जिन्हें अब अपनी अल्पसंख्यक रणनीति पर नए सिरे से काम करना होगा. बिहार और महाराष्ट्र के चुनावों ने साफ कर दिया है कि AIMIM अब सिर्फ हैदराबाद तक सीमित पार्टी नहीं रही. उसका विस्तार और प्रभाव राष्ट्रीय राजनीति में नए समीकरण गढ़ रहा है. ओवैसी का नारा अब एक सियासी आंदोलन का रूप लेता दिख रहा है, और मुस्लिम युवाओं का बदला हुआ वोटिंग ट्रेंड आने वाले दिनों में लोकसभा और विधानसभा चुनावों में बड़े उलटफेर का संकेत दे रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *