T20 world cup : टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों के बीच भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट को लेकर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. विवाद की जड़ बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) का वह फैसला है, जिसमें उसने अपने खिलाड़ियों को भारत भेजने से इनकार कर दिया था और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से मांग की थी कि उसके विश्व कप मुकाबले भारत के बाहर आयोजित कराए जाएं. हालांकि बांग्लादेश की इस मांग को आईसीसी ने खारिज कर दिया था. अब इस पूरे मामले में आईसीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए बांग्लादेश को अंतिम डेडलाइन दे दी है.
बांग्लादेश को ICC का अल्टीमेटम
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को साफ तौर पर कह दिया है कि वह 21 जनवरी तक यह तय करे कि वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेना चाहता है या नहीं. साथ ही यह भी स्पष्ट करे कि वह भारत में मैच खेलने को तैयार है या नहीं. आईसीसी ने यह भी साफ कर दिया है कि यदि बांग्लादेश तय समय सीमा तक अपना रुख स्पष्ट नहीं करता है, तो 21 जनवरी को आईसीसी खुद इस पर अंतिम फैसला लेगी.
ये भी पढ़ें : इंदौर में जीत से दूर रह गई टीम इंडिया…तीसरे और निर्णायक वनडे में कोहली ने रचा इतिहास
बांग्लादेश का दो टूक रुख
इस बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने एक बार फिर आईसीसी से कहा है कि वह टी20 वर्ल्ड कप में जरूर हिस्सा लेना चाहता है, लेकिन उसकी टीम भारत नहीं जाएगी. बीसीबी की मांग है कि उसके सभी मुकाबलों के वेन्यू भारत से बाहर शिफ्ट किए जाएं. बीसीबी के अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा हालात में भारतीय धरती पर टीम भेजना सुरक्षित नहीं है, इसलिए वे न्यूट्रल वेन्यू पर मैच कराने की मांग पर अड़े हुए हैं.
ICC के सामने बड़ी चुनौती
टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत की मेजबानी में होना है और ऐसे में किसी एक टीम के लिए अलग वेन्यू तय करना टूर्नामेंट के शेड्यूल और आयोजन व्यवस्था पर बड़ा असर डाल सकता है. ऐसे में आईसीसी के लिए यह फैसला आसान नहीं होगा. अब सबकी नजरें 21 जनवरी पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप 2026 का हिस्सा बनेगा या नहीं और अगर बनेगा तो किन शर्तों पर.