Virat kohli record : इंदौर में रविवार को खेले गए भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार शतकीय पारी खेली। हालांकि उनकी इस बेहतरीन बल्लेबाजी के बावजूद टीम इंडिया को जीत नहीं मिल सकी, लेकिन कोहली ने अपने नाम कई बड़े रिकॉर्ड जरूर दर्ज करा लिए।
अंतरराष्ट्रीय करियर का 85वां शतक
विराट कोहली ने 108 गेंदों पर 124 रनों की दमदार पारी खेली। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 85वां शतक और वनडे क्रिकेट में 54वां शतक रहा। खास बात यह रही कि इंदौर में यह कोहली का पहला वनडे शतक था। इसके साथ ही वह दुनिया के 35 अलग-अलग मैदानों पर शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 34 मैदानों पर शतक लगाए थे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ कोहली का 10वां शतक
न्यूजीलैंड के खिलाफ सभी फॉर्मेट मिलाकर यह विराट कोहली का 10वां शतक रहा। इसके साथ ही वह कीवी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने जैक्स कैलिस, जो रूट और सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा, जिनके नाम न्यूजीलैंड के खिलाफ 9-9 शतक दर्ज हैं। वनडे फॉर्मेट में भी कोहली का न्यूजीलैंड के खिलाफ यह सातवां शतक रहा। इसके साथ ही वह इस टीम के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में वीरेंद्र सहवाग और रिकी पोंटिंग को पछाड़ दिया, जिनके नाम न्यूजीलैंड के खिलाफ 6-6 वनडे शतक हैं।
टीम इंडिया को जीत नहीं दिला सकी शतकीय पारी
हालांकि विराट कोहली को चेज मास्टर के नाम से जाना जाता है और उनकी बड़ी पारियां अक्सर भारत की जीत की गारंटी मानी जाती हैं, लेकिन इंदौर में खेली गई यह शतकीय पारी टीम इंडिया को जीत नहीं दिला सकी। यह विराट के करियर का ऐसा नौवां शतक रहा, जिसमें भारत को हार का सामना करना पड़ा। इस सूची में शीर्ष पर सचिन तेंदुलकर हैं, जिनके 14 शतक भारत की जीत के काम नहीं आ सके हैं। इंदौर में कोहली की पारी भले ही यादगार रही, लेकिन टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला निराशाजनक साबित हुआ। इसके बावजूद विराट ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह बड़े मैचों के बड़े खिलाड़ी हैं और रिकॉर्ड बनाना उनकी आदत में शुमार है।