पटना विश्वविद्यालय के हॉस्टल में बमबाजी और फायरिंग से सनसनी, दो छात्र गंभीर घायल

Patna hostel gun firing : पटना विश्वविद्यालय के एक हॉस्टल में बीती रात जमकर बमबाजी और गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है. यह वारदात सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित पटना विश्वविद्यालय के सिवी रमन हॉस्टल में हुई, जहां जैक्सन हॉस्टल के छात्रों पर बमबाजी और फायरिंग करने का आरोप है.

दो छात्र गंभीर रूप से घायल

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे एक छात्रा से छेड़खानी का विरोध बताया जा रहा है. इसी विवाद को लेकर दोनों हॉस्टलों के छात्रों के बीच झड़प हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी. आरोप है कि इस दौरान सिवी रमन हॉस्टल को निशाना बनाकर कई सुतली बम फेंके गए और फायरिंग की गई. इस बमबाजी की घटना में दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की निगरानी में दोनों का इलाज जारी है.

छात्रों पर बमबाजी और फायरिंग का आरोप

घटना की सूचना मिलते ही पीरबहोर और सुल्तानगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. एएसपी पटना सिटी और एसएसपी पटना भी घटनास्थल पर मौजूद रहे. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जो बम और गोलीबारी से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है.

सात छात्र गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जैक्सन हॉस्टल में छापेमारी की, जहां से सुतली बम बनाने का सामान बरामद किया गया है. इस दौरान सात छात्रों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कार्रवाई जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *